गोरखपुर में मुकेश-बिच्छू गैंग के 7 खूंखार सदस्य गिरफ्तार

जनपद के बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने ‘मुकेश गैंग’ और ‘बिच्छू गैंग’ के सात सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 May 2026, 8:27 PM IST

Gorakhpur: जनपद के बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना कैण्ट पुलिस ने ‘मुकेश गैंग’ और ‘बिच्छू गैंग’ के सात सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नगदी और बैग काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी कैण्ट और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गैंग के सदस्य अलग-अलग होटलों में ठहरते थे ताकि किसी को शक न हो। हर दिन तड़के करीब 3:30 बजे गैंग लीडर व्हाट्सएप कॉल के जरिए सभी को सक्रिय करता था और 4:30 बजे वीडियो कॉल के माध्यम से दिन के टारगेट तय किए जाते थे।

इसके बाद सभी सदस्य बस स्टेशन या रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों पर नजर रखते और मौका मिलते ही किसी बहाने से बैग काटकर सामान चोरी कर लेते थे। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग दिशाओं में निकल जाते थे, जिससे उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता था।

इस गिरोह के खिलाफ 17 अप्रैल 2026 को एक मामला दर्ज हुआ था, जब गोरखपुर बस स्टेशन से फाजिलनगर जा रहे एक दंपति के ट्रॉली बैग से आभूषण, करीब सात हजार रुपये और साड़ी चोरी कर ली गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में विवेक कुमार, ललितेश, नरेंद्र, अमन, अर्जुन, मुकेश कुमार और नीरज कुमार शामिल हैं। ये सभी फिरोजाबाद, हाथरस और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार अर्जुन और मुकेश कुमार पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल हैं।

गोरखपुर : मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी, रेलवे स्टेशन तक पहुंची जांच, पढ़िए पूरा मामला

ये सामान हुआ बरामद

बरामदगी में एक ऑरेंज रंग की साड़ी, चार हजार रुपये नगद, 15 सेफ्टी पिन, 10 फोल्डिंग चाकू और 10 छोटी कैंचियां शामिल हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 112 को भी बढ़ाया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

गोरखपुर में फर्जीवाड़े का खुलासा, ऐसे चढ़ा जमीन घोटाले का मास्टरमाइंड हत्थे

ये कर्मी थे मौजूद

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार चौबे, आशीष दुबे, अवनीश पांडे, गिरीश मिश्रा और सर्विलांस टीम के राम सिंह, अरुण यादव व गणेश पांडे की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 May 2026, 7:41 PM IST