गोरखपुर में 3 करोड़ की पानी टंकी बनी ‘शोपीस’, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; नलों में पानी नहीं

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र के टेकुआपाती गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी करोड़ों की पानी टंकी के बावजूद अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना का उद्घाटन 2023 में हो चुका है, लेकिन तीन साल बाद भी घरों में पानी नहीं पहुंचा। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र में सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जहां एक तरफ हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ ग्राम पंचायत टेकुआपाती में यह योजना पूरी तरह से ठप नजर आ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी तैयार होने और मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने के बावजूद आज तक गांव में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है।

2023 में हुआ था उद्घाटन

ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था और 20 जून 2023 को इसका उद्घाटन भी किया गया था। उस समय लोगों में उम्मीद जगी थी कि जल्द ही हर घर में नल से पानी पहुंचेगा। लेकिन हकीकत इसके उलट रही। तीन साल बीत जाने के बाद भी गांव के किसी घर में नल से पानी नहीं आया है। लोग अब भी पानी के लिए पुराने साधनों पर निर्भर हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एमएमएमयूटी गोरखपुर को मिला नया कुलपति, प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा की नियुक्ति

करोड़ों की योजना बदहाली की शिकार

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी लागत से बनी योजना अब बदहाली का शिकार हो चुकी है। पानी की टंकी परिसर की हालत भी खराब हो चुकी है। मुख्य गेट टूट गया है और उसे रस्सी से बांधकर किसी तरह बंद किया गया है। परिसर के दरवाजों में जंग लग चुकी है और चारदीवारी कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। अंदर गंदगी का ढेर जमा है और सुरक्षा के नाम पर कांटेदार तारों से घेराबंदी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों-करोड़ों की योजना इस तरह की लापरवाही का शिकार होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों का प्रदर्शन

योजना को लेकर नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार ने हर घर जल पहुंचाने का वादा किया था, लेकिन गांव में स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों की लापरवाही से योजना प्रभावित हुई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Exclusive: गोरखपुर में डीजल-पेट्रोल संकट से हाहाकार, घंटों लाइन में खड़े रहे वाहन चालक

अधिकारियों का बयान

इस मामले पर अधिशासी अभियंता अखिल कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जानकारी मिलने के बाद जल्द ही जलापूर्ति शुरू कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  गोरखपुर

Published :  22 May 2026, 5:32 PM IST

Advertisement