उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला जोकि खेत में काम कर रही थी, उसके फोन पर एक SMS आया, जैसे ही महिला ने वो मैसेज देखा उसके होश उड़ गए। बता दें कि बिछवां क्षेत्र के गांव देवगंज का यह पूरा मामला है।

खाते में अचानक ट्रांसफर हुए 10 करोड़ ( Img: Dynamite News)
Mainpuri: सोचो अगर आपके खाते में गलती से किसी और के एक लाख रूपए आ जाए, तो आप क्या करोगे? शायद आप उन पैसों को खर्च कर लोगे, लेकिन यूपी की मैनपुरी में रहने वाली महिला के साथ जब ऐसा हुआ तो उनसे जो किया वो जानकर आपके होश उड़ जाएंगे। महिला के खाते में कोई छोटी- मोटी रकम नहीं आई बल्कि करोड़ों की रकम खाते में आई थी।
मैनपुरी जनपद के बिछवां क्षेत्र का यह पूरा मामला है। जहां एक साधारण किसान परिवार की महिला के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रुपये पहुंच गए। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।
बिछवां क्षेत्र के गांव देवगंज निवासी रीता, पत्नी पारसभान बहेलिया, अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी कर जीवन यापन करती हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन जब वह खेत में गेहूं की कटाई करा रही थीं, तभी उनके खाते में बड़ी धनराशि आने की जानकारी मिली।
महिला ने जब बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर जाकर अपना बैलेंस चेक किया तो वह दंग रह गईं। खाते में 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 588 रुपये की भारी-भरकम राशि दिखाई दे रही थी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी उन्होंने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि, इतनी बड़ी रकम खाते में आने के बावजूद महिला ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक भी रुपया निकालने से इनकार कर दिया। उन्होंने अपने परिजनों को भी साफ तौर पर मना कर दिया कि जब तक स्थिति स्पष्ट न हो जाए, तब तक पैसे को हाथ न लगाया जाए।
बताया गया कि जब महिला और उनके परिजन बैंक पहुंचे तो अवकाश के कारण शाखा बंद थी। इस संबंध में बैंक ऑफ इंडिया की करीमगंज शाखा के प्रबंधक ऋषिकांत पांडे ने बताया कि संभवतः तकनीकी या ट्रांजेक्शन की त्रुटि के चलते ऐसा हुआ है। बैंक खुलने पर जांच कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और महिला की ईमानदारी की लोग सराहना कर रहे हैं।