मुजफ्फरनगर में 23 दिन से हुजेफा का नहीं मिला सुराग, मां-बाप बोले- जिंदा नहीं तो लाश…

मुजफ्फरनगर में 17 वर्षीय हुजेफा उर्फ मन्नू के 23 दिन से लापता होने का मामला गहराता जा रहा है। परिवार ने जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और संदिग्ध युवकों से सख्त पूछताछ की मांग की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 June 2026, 4:18 AM IST

Muzaffarnagar : जिले में 17 वर्षीय किशोर हुजेफा उर्फ मन्नू के लापता होने का मामला अब रहस्य बनता जा रहा है। 23 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार में कोहराम मचा है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कैसे हुआ पूरा मामला

मामला खालापार क्षेत्र का है, जहां 17 साल हुजेफा 16 मई को अपने परिचित युवकों अबुजर, सुहैल उर्फ रिहान और आहद के साथ चितौड़ा झाल पर नहाने गया था। परिजनों का कहना है कि शाम को तीनों युवक उसकी मोटरसाइकिल लेकर लौटे और बताया कि हुजेफा नहर में डूब गया है।

परिवार का गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद न तो नहर में सही तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाया गया और न ही पर्याप्त संसाधनों का इस्तेमाल हुआ। परिवार का कहना है कि गोताखोरों और आधुनिक तकनीक की मदद ली जानी चाहिए थी, लेकिन जांच में लापरवाही बरती गई।

मुजफ्फरनगर में थार स्टंट पर पुलिस की कार्रवाई, वायरल वीडियो के बाद स्टंटबाजों पर गिरी गाज

युवकों से पूछताछ पर सवाल

परिवार यह भी आरोप लगा रहा है कि जिन युवकों के साथ हुजेफा गया था। उनसे सख्ती से पूछताछ नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि उनसे गहन पूछताछ होती तो शायद सच्चाई सामने आ सकती थी।

प्रशासन से लगातार गुहार

हुजेफा के पिता मुमताज अहमद पिछले कई दिनों से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने सीओ, एसपी सिटी और एसएसपी से मामले की जांच किसी अन्य एजेंसी को सौंपने और संदिग्ध युवकों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की मांग की है।

परिवार का दर्द छलका

सोमवार को मीडिया के सामने हुजेफा की मां और बहनों का दर्द फूट पड़ा। परिवार ने रोते हुए कहा कि वे पिछले 23 दिनों से सिर्फ अपने बेटे का इंतजार कर रहे हैं और अब उनकी उम्मीदें टूटती जा रही हैं।

मांग साफ: बेटा चाहिए, चाहे जिंदा या मुर्दा

परिजनों ने भावुक होकर कहा कि उन्हें उनका बेटा चाहिए, चाहे वह जिंदा मिले या फिर उसकी लाश ही क्यों न हो। उनका कहना है कि अब सिर्फ सच्चाई सामने आनी चाहिए।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  9 June 2026, 4:18 AM IST