“एक पल में सब खत्म हो गया”, टेंट लगाते समय दौड़ा 11 हजार वोल्ट का करंट, 20 साल के ओमशंकर की मौत

बदायूं में टेंट लगाने के दौरान मजदूर के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आया और युवक करंट की चपेट में आ गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 3 September 2026, 3:29 PM IST

Budaun: बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक पड़ोसी गांव में मजदूरी पर टेंट लगाने गया था, जहां लोहे के पाइप में अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का करंट आ गया। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ओमशंकर पुत्र उदय सिंह उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम जिंशी नगला, थाना कादरचौक का रहने वाला था।

कैसे फैला करेंट?

बताया जा रहा है कि ओमशंकर पड़ोसी गांव कुड़ा सहायपुर के बाजार मैदान में टेंट लगाने के लिए मजदूरी पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंट का लोहे का पाइप खड़ा करते समय वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार की विद्युत लाइन से टकरा गया। देखते ही देखते पूरे पाइप में तेज करंट दौड़ गया और ओमशंकर उसकी चपेट में आ गया।

ये भी पढ़ें- “तुम्हें जान से मार देंगे, न रहोगी न चुनाव लड़ोगी”, भाजपा नेत्री के पोस्ट पर टिप्पणी से मचा बवाल

करंट इतना तेज था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथ में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। मृतक के बाबा बालक राम ने बताया कि "मेरा नाती कुड़ासहायपुर में टेंट लगाने की मजदूरी करने गया था। टेंट लगाते समय अचानक पाइप में 11 हजार का करंट आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।"

पांच बहन-भाई में दूसरे नंबर पर था ओमशंकर

परिवार के मुताबिक ओमशंकर चार भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। बहन और बड़े भाई की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और ओमशंकर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण में हाथ बंटाता था। टेंट मालिक छोटे बताया जा रहा है। युवक की असामयिक मौत से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें- चौरी चौरा में चली गोली, तीन गिरफ्तार; पुलिस ने आखिर किस मामले में की इतनी बड़ी कार्रवाई?

वहीं थाना कादरचौक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और गुरुवार को जिला मुख्यालय पर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।

Location :  Budaun

Published :  3 September 2026, 3:29 PM IST