आम आदमी पार्टी के युवा चेहरा राघव चड्ढा जो हाल के महीनों में संसद के मुखर नेताओं में गिने जा रहे थे-अचानक राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिए जाते हैं। सवाल उठता है-क्यों? क्या उनकी बढ़ती लोकप्रियता और आक्रामक शैली ही उनके खिलाफ चली गई? क्योंकि वही नेता, जो महंगाई, बेरोजगारी पर आवाज उठा रहा था, आज अपनी ही पार्टी के फैसले का सामना कर रहा है। सीनियर जर्नलिस्ट मनोज टिबड़ेवाल आकाश ने अपने ‘The MTA Speaks’ में इसका सटिक विश्लेषण किया है।

राघव चड्ढा के मामले में उठे कई सवाल ( Img: Dynamite News)
New Delhi: आज का विषय सिर्फ एक राजनीतिक घटनाक्रम नहीं… बल्कि उस गहरे टकराव की कहानी है, जो हर राजनीतिक दल के भीतर समय-समय पर उभरता है। संगठन बनाम व्यक्तित्व, अनुशासन बनाम अभिव्यक्ति, और सत्ता बनाम सवाल। आज हम बात कर रहे हैं राघव चड्ढा की-आम आदमी पार्टी का वह युवा चेहरा, जिसे तेजतर्रार सांसद के रूप में पेश किया गया, लेकिन आज वही नेता एक ऐसे फैसले के केंद्र में है, जिसने न सिर्फ उनकी राजनीति बल्कि पूरी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरी कहानी को समझने के लिए हमें टाइमलाइन पर जाना होगा।
वरिष्ठ पत्रकार मनोज टिबड़ेवाल आकाश ने अपने चर्चित शो The MTA Speaks में, इस पूरी कहानी को समझने के लिए इसका सटीक विश्लेषण किया।
पिछले कुछ महीनों में राघव चड्ढा संसद में सक्रिय रहे। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, टैक्स सिस्टम, सरकारी भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और डेटा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार सरकार को घेरा। उनके भाषणों में सिर्फ आरोप नहीं होते थे, बल्कि ठोस तथ्य, आंकड़े और नीति आधारित तर्क होते थे। यही वजह रही कि वे मीडिया में लगातार छाए रहे और विपक्ष के एक मजबूत चेहरे के रूप में उभरे। यही वह दौर था जब उनकी राजनीतिक हैसियत तेजी से बढ़ रही थी। पार्टी के भीतर और बाहर दोनों जगह उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखा जाने लगा था, जो भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर आम आदमी पार्टी में अपना कद बढ़ा सकता है। कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना था कि अरविंद केजरीवाल के बाद अगर कोई नेता राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को आगे ले जा सकता है, तो उसमें राघव चड्ढा का नाम प्रमुख था। लेकिन ठीक इसी उभार के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आता है-आम आदमी पार्टी अचानक राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा देती है। यह फैसला जितना अचानक था, उतना ही चौंकाने वाला भी। पार्टी की ओर से इसे “रूटीन संगठनात्मक बदलाव” बताया गया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर अलग ही चर्चा शुरू हो गई। अब सवाल उठता है-क्या यह वाकई एक सामान्य बदलाव था, या इसके पीछे कोई ट्रिगर था?
सूत्रों की मानें तो हाल के कुछ भाषण और उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता पार्टी के भीतर असहजता का कारण बन सकती थी। हालांकि इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन टाइमिंग ने इस फैसले को संदेह के घेरे में जरूर ला दिया है। यहां एक और अहम बात समझना जरूरी है-राज्यसभा में उपनेता का पद सिर्फ एक औपचारिक जिम्मेदारी नहीं होती। यह वह पद है जहां से पार्टी की संसदीय रणनीति तैयार होती है, विपक्ष के साथ तालमेल बैठाया जाता है और सरकार के खिलाफ हमले की दिशा तय की जाती है। ऐसे में इस पद से हटाया जाना केवल एक पद परिवर्तन नहीं, बल्कि सीधे तौर पर राजनीतिक प्रभाव में कटौती के रूप में देखा जाता है।
राघव चड्ढा के मामले में भी यही सवाल उठ रहा है-क्या उनकी राजनीतिक ताकत को सीमित किया गया? इस फैसले के बाद राघव चड्ढा की प्रतिक्रिया ने इस पूरे विवाद को और गहरा कर दिया। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि उन्हें चुप कराने की कोशिश की गई है, लेकिन वे चुप नहीं होंगे। उन्होंने साफ शब्दों में पूछा-क्या आम आदमी के मुद्दों को उठाना अपराध है? यह बयान महज नाराजगी नहीं था, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक संकेत था। यह संकेत था कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है। जब कोई नेता खुलकर यह कहता है कि उसे चुप कराया जा रहा है, तो यह मामला व्यक्तिगत नहीं रहता-यह संगठन के आंतरिक लोकतंत्र पर सवाल बन जाता है।
अब बात करते हैं पार्टी के भीतर से आई प्रतिक्रियाओं की। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “डरपोक” कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा ने संसद में कभी सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी और विपक्ष के वॉकआउट में भी शामिल नहीं हुए। यह बयान इसलिए और ज्यादा चौंकाने वाला था क्योंकि दोनों नेताओं को कभी एक-दूसरे का करीबी माना जाता था। वहीं भगवंत मान ने पार्टी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन व्यक्ति से बड़ा होता है। लेकिन इस बयान को सिर्फ एक औपचारिक प्रतिक्रिया मानना शायद पूरी तस्वीर नहीं है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि क्या दिल्ली और पंजाब यूनिट के बीच पावर बैलेंस का कोई अंदरूनी समीकरण भी इस फैसले में भूमिका निभा रहा है? क्या यह सिर्फ बयान नहीं, बल्कि एक संकेत है कि पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन बदल रहा है?
यहीं पर इस कहानी में एक और अहम परत जुड़ती है। कुछ राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि क्या राघव चड्ढा ने कहीं न कहीं “एहसान फरामोशी” दिखाई? जिस पार्टी ने उन्हें विधायक बनाया, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी और राज्यसभा तक पहुंचाया-अगर वही पार्टी संगठनात्मक कारणों से उन्हें उपनेता पद से हटाती है, तो क्या इस तरह सार्वजनिक मंच से विरोध करना सही रणनीति है? यह बहस अब दो हिस्सों में बंट चुकी है-एक पक्ष इसे “आवाज़ उठाने का अधिकार” बता रहा है, तो दूसरा इसे “पार्टी अनुशासन के खिलाफ” मान रहा है।
इसी बीच आतिशी का बयान भी इस विवाद को और गहराता है। आतिशी ने संकेतों में यह कहा कि पार्टी के मुश्किल समय में कुछ नेताओं की भूमिका सवालों के घेरे में रही। खासतौर पर जब अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई, उस समय पार्टी के कई नेता मैदान में सक्रिय थे, लेकिन कुछ नेता उस वक्त देश से बाहर थे। राजनीतिक चर्चाओं में इसे राघव चड्ढा से जोड़कर देखा जा रहा है, जो उस दौरान लंदन में थे। यानी अब मामला सिर्फ पद से हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह “कमिटमेंट बनाम पोजिशन” की बहस में बदलता नजर आ रहा है।
और इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात है-अरविंद केजरीवाल की चुप्पी। एक ऐसे नेता की चुप्पी, जो आमतौर पर हर बड़े मुद्दे पर अपनी बात रखते हैं। क्या यह चुप्पी रणनीतिक है? या फिर यह इस बात का संकेत है कि फैसला शीर्ष नेतृत्व की सहमति से ही लिया गया? अगर आम आदमी पार्टी के इतिहास पर नजर डालें, तो यह पहला मौका नहीं है जब पार्टी के भीतर मतभेद सामने आए हों। योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, कुमार विश्वास, कपिल मिश्रा, अशुतोष और स्वाति मालीवाल-ये सभी ऐसे नाम हैं जो कभी पार्टी के बड़े चेहरे थे, लेकिन समय के साथ या तो बाहर हो गए या किनारे कर दिए गए। पिछले लगभग एक दशक में आधा दर्जन से ज्यादा बड़े चेहरे पार्टी से अलग हो चुके हैं। हर बार पार्टी का तर्क यही रहा-“संगठन सबसे बड़ा है।” लेकिन हर बार एक ही सवाल उठा-क्या असहमति को जगह दी जा रही है या उसे खत्म किया जा रहा है?
एक और तथ्य जो इस पूरी बहस को और धार देता है-राज्यसभा में उपनेता पद से हटाने के साथ-साथ पार्टी के अंदर निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्या फैसले सामूहिक रूप से लिए जा रहे हैं या शीर्ष नेतृत्व तक सीमित हो गए हैं? यह सवाल अब राजनीतिक विश्लेषण का हिस्सा बन चुका है।
अब इस पूरे विवाद का सबसे अहम पहलू है इसका चुनावी और रणनीतिक असर। आम आदमी पार्टी इस समय राष्ट्रीय स्तर पर अपने विस्तार की कोशिश कर रही है। दिल्ली और पंजाब में सरकार चलाने के बाद पार्टी गुजरात, हरियाणा और अन्य राज्यों में अपनी जमीन मजबूत करना चाहती है। ऐसे समय में इस तरह के विवाद पार्टी की “पारदर्शिता” और “आंतरिक लोकतंत्र” वाली छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। विपक्षी दल भी इसे मुद्दा बना रहे हैं और यह नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि आम आदमी पार्टी के भीतर ही लोकतंत्र कमजोर पड़ रहा है।
अब सवाल उठता है-आगे क्या होगा? क्या राघव चड्ढा पार्टी के भीतर रहकर अपनी लड़ाई लड़ेंगे? क्या वे रणनीतिक चुप्पी के साथ वापसी की तैयारी करेंगे?या फिर यह विवाद किसी बड़े राजनीतिक विभाजन का रूप ले सकता है? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह टकराव लंबा चला, तो इसका असर सिर्फ एक पद तक सीमित नहीं रहेगा। यह आम आदमी पार्टी की नेतृत्व संरचना, उसकी रणनीति और उसके भविष्य की दिशा-तीनों को प्रभावित कर सकता है। और आखिर में सबसे बड़ा सवाल-क्या सवाल पूछने की कीमत अब पद गंवाना है? या फिर यह सिर्फ शुरुआत है… एक बड़े सियासी भूचाल की?