इंटरनेट की दुनिया में बड़ा बदलाव, WiFi बनाम LiFi कौन सी तकनीक है सबसे बेहतर विकल्प?

WiFi और LiFi इंटरनेट की दो अलग तकनीकें हैं। WiFi रेडियो सिग्नल से चलता है जबकि LiFi LED लाइट से डेटा ट्रांसफर करता है। LiFi तेज और सुरक्षित माना जाता है लेकिन इसकी रेंज सीमित है। WiFi हर जगह इस्तेमाल होता है और ज्यादा प्रचलित है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 May 2026, 11:09 AM IST

New Delhi: आज के समय में मोबाइल में वीडियो देखना हो, ऑनलाइन क्लास अटेंड करनी हो या ऑफिस का काम करना हो, इंटरनेट के बिना जीवन लगभग अधूरा सा लगता है। आमतौर पर लोग इसके लिए WiFi का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब एक नई टेक्नोलॉजी LiFi तेजी से चर्चा में आ रही है। LiFi को इंटरनेट की दुनिया का एक एडवांस और भविष्य की तकनीक माना जा रहा है।

क्या है WiFi और LiFi?

WiFi और LiFi दोनों ही इंटरनेट देने की तकनीकें हैं, लेकिन इनका काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है। WiFi इंटरनेट डेटा ट्रांसफर के लिए रेडियो सिग्नल का उपयोग करता है। वहीं LiFi यानी Light Fidelity इंटरनेट को लाइट के जरिए पहुंचाता है। सरल शब्दों में कहें तो WiFi रेडियो वेव्स पर आधारित है, जबकि LiFi रोशनी पर काम करता है।

Tech News: WhatsApp का बड़ा फैसला, 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आया नया फीचर… जानिए फायदे और खतरे

LiFi कैसे करता है काम?

LiFi तकनीक को समझना कई लोगों के लिए दिलचस्प और हैरान करने वाला होता है। इसमें एक खास LED बल्ब का उपयोग किया जाता है। यह बल्ब बहुत तेजी से ऑन और ऑफ होता रहता है और इसी प्रक्रिया के जरिए डेटा ट्रांसफर होता है। इंटरनेट पर डेटा हमेशा 0 और 1 के रूप में यानी बाइनरी भाषा में ट्रांसफर होता है। LiFi में LED लाइट इतनी तेजी से ब्लिंक करती है कि मानव आंख इसे महसूस भी नहीं कर पाती। इसी रोशनी के जरिए इंटरनेट काम करता है। हालांकि इसके लिए खास डिवाइस की जरूरत होती है।

WiFi और LiFi में सबसे बड़ा अंतर

दोनों तकनीकों का उद्देश्य इंटरनेट देना है, लेकिन इनके बीच कई बड़े अंतर हैं। WiFi की सबसे बड़ी खासियत इसकी रेंज है। इसका सिग्नल दीवारों को पार कर सकता है, जिससे पूरे घर या ऑफिस में इंटरनेट चलाना आसान होता है। दूसरी तरफ LiFi सिर्फ उसी जगह काम करता है जहां रोशनी मौजूद होती है। अगर लाइट बंद हो जाए तो इंटरनेट भी बंद हो सकता है।
हालांकि LiFi को WiFi से ज्यादा सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इसका सिग्नल कमरे के बाहर आसानी से नहीं जाता। इसके अलावा इसकी स्पीड WiFi की तुलना में काफी तेज बताई जाती है।

Tech News: Oppo ने लॉन्च किए ये दो नए फोन, जानिए कीमत और पूरी डिटेल

कहां होता है किसका ज्यादा उपयोग?

WiFi का इस्तेमाल घर, ऑफिस, दुकान और सार्वजनिक जगहों पर सबसे ज्यादा किया जाता है, जहां पूरे एरिया में इंटरनेट की जरूरत होती है। वहीं LiFi उन जगहों पर उपयोगी माना जाता है जहां तेज स्पीड और अधिक सुरक्षा जरूरी होती है। जैसे अस्पताल, एयरक्राफ्ट और रिसर्च सेंटर। इन जगहों पर रेडियो सिग्नल कई बार दिक्कत पैदा कर सकते हैं, इसलिए LiFi एक बेहतर विकल्प बन सकता है।

भविष्य की दिशा

फिलहाल LiFi एक नई तकनीक है और इसका इस्तेमाल अभी व्यापक स्तर पर नहीं हुआ है। लेकिन आने वाले समय में विशेषज्ञ मानते हैं कि WiFi और LiFi मिलकर इंटरनेट को और तेज, सुरक्षित और स्मार्ट बना सकते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  17 May 2026, 11:09 AM IST