
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: iPhone इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए बड़ी चेतावनी सामने आई है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने एक नए हाइब्रिड साइबर फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया है। यह साइबर ठगी खासतौर पर उन लोगों को निशाना बना रही है जिनका iPhone खो गया है या चोरी हो गया है। साइबर अपराधी फोन चोरी होने के बाद बेहद सुनियोजित तरीके से यूजर्स की निजी जानकारी हासिल कर रहे हैं और उनके iCloud अकाउंट तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
I4C के मुताबिक इस स्कैम की शुरुआत iPhone चोरी होने से होती है। मोबाइल चोरी करने के बाद अपराधी सबसे पहले डिवाइस को स्विच ऑफ कर देते हैं, ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न की जा सके। इसके बाद वे खुद को Apple Support या Find My iPhone टीम का प्रतिनिधि बताकर पीड़ित से संपर्क करते हैं।
साइबर अपराधी अंतरराष्ट्रीय नंबरों या विभिन्न मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए यूजर को कॉल या मैसेज भेजते हैं। इस दौरान वे भरोसा जीतने के लिए दावा करते हैं कि खोया हुआ फोन ट्रैक कर लिया गया है या उसे ढूंढ लिया गया है।
एक गलती पड़ सकती है भारी! फोन Scam से बचना है तो अभी ऑन करें ये Hidden Settings
इस साइबर फ्रॉड में जालसाज एक खास तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे सबसे पहले संबंधित iCloud अकाउंट पर ‘Forgot Password’ प्रक्रिया शुरू करते हैं। इस प्रक्रिया के दौरान उन्हें अकाउंट से जुड़ा वास्तविक मोबाइल नंबर दिखाई दे जाता है। इसी नंबर का इस्तेमाल करके वे पीड़ित से संपर्क साधते हैं और खुद को अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में पेश करते हैं।
पीड़ित का विश्वास जीतने के बाद साइबर अपराधी उसे एक लिंक भेजते हैं। यूजर को बताया जाता है कि फोन को रिकवर करने या अनलॉक करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करना जरूरी है।
लिंक पर क्लिक करते ही एक ऐसी वेबसाइट खुलती है, जो दिखने में बिल्कुल Apple की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगती है। अधिकांश यूजर्स असली और नकली वेबसाइट में अंतर नहीं कर पाते। ऐसे में जब वे अपनी Apple ID, पासवर्ड या OTP दर्ज करते हैं, तो यह सारी जानकारी सीधे साइबर अपराधियों तक पहुंच जाती है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यदि अपराधियों को किसी यूजर के iCloud अकाउंट तक पहुंच मिल जाती है, तो उसकी निजी जानकारी गंभीर खतरे में पड़ सकती है। iCloud में मौजूद फोटो, वीडियो, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य निजी डेटा अपराधियों के हाथ लग सकते हैं।
इतना ही नहीं, अकाउंट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी के आधार पर वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों का जोखिम भी बढ़ जाता है।
QR Scratch Code Scam: इनाम के चक्कर में जेब खाली हो सकती है, देखें कैसे लूट मचा रहे हैं स्कैमर्स
इस मामले पर पूर्व साइबर क्राइम एसपी त्रिवेणी सिंह ने नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधी गिरोह लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी यूजर का iCloud अकाउंट हैक हो जाता है, तो उसका पूरा डिजिटल डेटा अपराधियों के हाथ लग सकता है।
उन्होंने लोगों से ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की। विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता और सावधानी ही ऐसे साइबर फ्रॉड से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
Location : New Delhi
Published : 1 June 2026, 3:10 PM IST
Topics : Cyber Fraud I4C Alert iPhone Scam Online Fraud tech news