अब अनजान नंबर से कॉल आते ही खुलेगा बड़ा राज! मोबाइल स्क्रीन पर दिखेगा कॉल करने वाले का नाम

1 नवंबर 2026 से भारत में CNAP सर्विस शुरू करने की प्रक्रिया लागू हो रही है। इसके तहत अनजान नंबर से कॉल आने पर मोबाइल स्क्रीन पर कॉल करने वाले का रजिस्टर्ड नाम दिखाई दे सकेगा। इसके लिए Truecaller जैसे एप की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, सुविधा चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध होगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 12:58 PM IST

New Delhi: क्या आपके मोबाइल पर भी अनजान नंबरों से बार-बार कॉल आती हैं? कई बार लोग यह समझ नहीं पाते कि फोन करने वाला कौन है और कॉल उठाना सुरक्षित होगा या नहीं। लेकिन अब इस परेशानी से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। दरअसल, 1 नवंबर 2026 से देश में कॉलर का नाम दिखाने वाली नई व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके तहत मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आने पर नंबर के साथ कॉल करने वाले का रजिस्टर्ड नाम भी दिखाई दे सकेगा।

दूरसंचार विभाग (DoT) ने देश की टेलीकॉम कंपनियों को Calling Name Presentation (CNAP) सर्विस शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था में Airtel, Jio, Vodafone Idea और BSNL जैसे ऑपरेटर्स को 4G और इससे ऊपर के नेटवर्क पर यह सुविधा उपलब्ध करानी होगी। ऐसे में आने वाले समय में अनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान करना पहले से आसान हो सकता है।

अब अनजान नंबर से कॉल आने पर दिखेगा नाम

CNAP सर्विस शुरू होने के बाद जब भी किसी अनजान भारतीय मोबाइल नंबर से कॉल आएगी, तो फोन की स्क्रीन पर केवल मोबाइल नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले का रजिस्टर्ड नाम भी दिखाई दे सकता है। इससे लोगों को यह समझने में मदद मिलेगी कि उन्हें कौन फोन कर रहा है।

इस सुविधा की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए यूजर्स को Truecaller जैसे किसी थर्ड पार्टी एप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। यानी बिना किसी अतिरिक्त एप या अलग से सर्विस एक्टिवेट किए ही कॉलर की पहचान करने की सुविधा मिल सकेगी।

कैसे काम करेगी CNAP सर्विस? (Source: Pinterest)

कैसे काम करेगी CNAP सर्विस?

CNAP यानी Calling Name Presentation सर्विस टेलीकॉम कंपनियों के डेटाबेस पर काम करेगी। इसके तहत मोबाइल ऑपरेटर्स अपने ग्राहकों के मोबाइल नंबर और उनके रजिस्टर्ड नाम से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल करेंगे।

जब कोई व्यक्ति दूसरे मोबाइल नंबर पर कॉल करेगा, तो कॉल रिसीव करने वाले ऑपरेटर को कॉल करने वाले नंबर से जुड़ा नाम उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद यह जानकारी रिसीवर के मोबाइल की स्क्रीन पर दिखाई देगी।

हालांकि, अगर कॉल करने वाले का नंबर पहले से आपके फोन में सेव है, तो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में दर्ज नाम ही दिखाई देगा।

रामपुर से गिरफ्तार, फिर 170 किलोमीटर दूर गाजियाबाद कोर्ट में आजम खान को किया पेश, स्पेशल कोर्ट से ED ने मांगी रिमांड!

क्या विदेश से आने वाली कॉल पर भी दिखेगा नाम?

इस नई व्यवस्था में कुछ खास नियम भी रखे गए हैं। अगर किसी दूसरे देश से आपके मोबाइल पर कॉल आती है, तो स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखने के बजाय International Call लिखा दिखाई देगा।

इसके अलावा जिन मोबाइल यूजर्स ने Calling Line Identification Restriction (CLIR) सर्विस ली हुई है, उनका नाम दूसरे व्यक्ति की स्क्रीन पर दिखाई नहीं देगा। इस सर्विस के जरिए कॉल करने वाला व्यक्ति अपनी पहचान छिपा सकता है।

क्या 1 नवंबर से सभी मोबाइल में दिखने लगेगा नाम?

यहां यूजर्स के लिए एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। 1 नवंबर 2026 से निर्देश लागू होने का मतलब यह नहीं है कि उसी दिन देश के सभी मोबाइल फोन पर यह सुविधा एक साथ शुरू हो जाएगी। इसका लाभ मिलने का समय टेलीकॉम कंपनियों के तकनीकी इंतजाम और सर्विस रोलआउट पर निर्भर करेगा।

ऐसे में आने वाले समय में CNAP सर्विस अनजान कॉल की पहचान करने में मददगार साबित हो सकती है। इससे फर्जी कॉल और अनचाही कॉल से परेशान लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Location :  New Delhi

Published :  1 November 2026, 12:58 PM IST