अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रावासों में अवैध कब्जों के खिलाफ शुरू हुआ ये खास अभियान

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने विभिन्न छात्रावासों में अवैध रूप से काबिज लोगों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 8 December 2023, 4:47 PM IST
google-preferred

अलीगढ़: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने विभिन्न छात्रावासों में अवैध रूप से काबिज लोगों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता उमर पीरजादा ने बताया कि यह अभियान बृहस्पतिवार की शाम को शुरू किया गया। उनका कहना था कि यह एक बड़े सफाई अभियान की महज शुरुआत है और जब तक ऐसे अवैध तत्वों से परिसर को मुक्त नहीं कर दिया जाता, यह अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को दोपहर में कुलपति द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक की गई जिसमें सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उनके अनुसार यह बैठक परिसर में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुलाई गई थी।

इससे पूर्व, बुधवार की शाम परिसर में गोलीबारी की घटना घटी थी जिसमें अनीगा रोशन खयाल नाम की मेडिकल की छात्रा घायल हुई थी। मौलाना आजाद पुस्तकालय के निकट दो समूहों के बीच यह गोलीबारी हुई थी।

इस घटना में घायल हुई छात्रा अनीगा को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां डाक्टरों ने इसकी हालत खतरे से बाहर बताया है।

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रोफेसर मोहम्मद वसीम ने कहा कि गोली चलाने की इस घटना में तीन लोग शामिल थे और ये तीनों व्यक्ति बाहरी थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रॉक्टोरियल टीम ने एक छात्रावास में छापा मारा जहां मेहताब नाम के बदमाश को पकड़ा गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि मेहताब और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल के महीनों में परिसर में कई हिंसक घटनाएं सामने आई हैं और छात्रावासों को अवैध कब्जाधारकों से खाली कराने का कदम भले ही देर से उठाया गया, लेकिन यह स्वागत योग्य कदम है।

Published : 
  • 8 December 2023, 4:47 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement