Delhi Flood: पानी-पानी दिल्ली में हो सकता पीने के पानी का संकट, यमुना में बाढ़ से जल शोधन संयंत्र बंद, पढ़ें पूरा अपडेट

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि यमुना के बढ़ते जल स्तर से वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला के जल शोधन संयंत्रों के बंद होने से शहर के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 13 July 2023, 5:07 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि यमुना के बढ़ते जल स्तर से वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला के जल शोधन संयंत्रों के बंद होने से शहर के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यमुना नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार सुबह बढ़कर 208.48 मीटर तक पहुंच गया जिससे आस-पास की सड़कें, सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए हैं। इस वजह से नदी के करीब रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

वजीराबाद में जल शोधन संयंत्र का दौरा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि लोगों को राहत देने के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से आज कई जल शोधन संयंत्र बंद करने पड़े हैं। यमुना किनारे बने वजीराबाद जल शोधन संयंत्र का आज मैंने खुद दौरा किया। जैसे ही स्थिति यहां सामान्य होगी हम इसे जल्द शुरू करेंगे।’’

पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी ने बुधवार की रात 208 मीटर के निशान को पार कर लिया और बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक जल स्तर 208.48 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग ने जलस्तर के और बढ़ने का अनुमान जताया है। उसने इस स्थिति को ‘अत्यंत गंभीर’ बताया है।

केजरीवाल ने पहले एक ट्वीट में लिखा,''यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वजीराबाद, चन्द्रावल और ओखला जल शोधन संयंत्रों को बंद करना पड़ रहा है। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।’’

Published : 
  • 13 July 2023, 5:07 PM IST

Advertisement
Advertisement