सैफई: मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की दादी पंचतत्व में हुई विलीन, अखिलेश, डिंपल सहित समस्त परिवारीजन रहे मौजूद

डीएन संवाददाता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ताई और मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की दादी शनिवार को सुभद्रा देवी पंचतत्व में विलीन हो गई। सभी परिजनों ने मैनपुरी पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

सुभद्रा देवी को श्रद्धासुमन अर्पित करती सांसद डिंपल यादव, साथ में अखिलेश यादव
सुभद्रा देवी को श्रद्धासुमन अर्पित करती सांसद डिंपल यादव, साथ में अखिलेश यादव


सैफई (इटावा): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की ताई और मैनपुरी लोकसभा सीट के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की दादी श्रीमती सुभद्रा देवी शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। सैफई आवास पर बड़ी संख्या में परिवारीजन और आम लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे, जिसके बाद सुभद्रा देवी को गमगीन माहौल में अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से सैफई सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है।

सुभद्रा देवी पंचतत्व में हुईं विलीन

सैफई महोत्सव ग्राउण्ड में बने समाधि स्थल पर सुभद्रा देवी का अन्तिम संस्कार किया गया। मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव ने अपनी दादी जी को मुखाग्नि दी। अखिलेश यादव और डिंपल यादव समेत बड़ी संख्या में मौजूद परिजनों और आम लोगों ने गमगीन माहौल में सुभद्रा देवी को नम आंखों से विदाई दी। 

बड़ी संख्या में सुभद्रा देवी के अंतिम दर्शन को पहुंची महिलाएं और परिवारीजन

इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव के अलावा अनुराग यादव, आदित्य यादव, आर्यन यादव, कार्तिकेय यादव और बड़ी संख्या में पारिवारिक जनों सहित सोबरन सिंह यादव, हरिओम यादव, मुकुल यादव, अरविन्द यादव, डॉ अजय सिंह यादव, प्रदीप आढ़तिया, चंदगी राम यादव प्रधान, राजवीर सिंह, भारत सिंह खदरी, राम बाबू यादव, राम फल, पप्पन सिंधी और करन पाल सिंह आदि मौजूद रहे। 

गमगीन माहौल में दी गई अंतिम विदाई, साथ में नरेश उत्तम पटेल

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भी सैफई पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की और उनको श्रद्धांजलि दी। 85 साल की सुभद्रा देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और सैफई मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था। 

सुभद्रा देवी सपा के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के बड़े भाई रतन सिंह यादव की धर्मपत्नी थीं। 










संबंधित समाचार