
नई दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने का ऐलान किया गया है। केंद्र सरकार के फैसले पर राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष और पूर्व पीएम के पोते जयंत चौधरी ने खुशी जताई है।
जयंत चौधरी ने X पर पीएम मोदी का ट्वीट शेयर करते हुए लिखा, "दिल जीत लिया।" वहीं, इससे पहले चौधरी चरण सिंह को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की।"
दिल जीत लिया! #BharatRatna https://t.co/Ns0CraJ7yI
— Jayant Singh (@jayantrld) February 9, 2024
बीते कई दिनों से राष्ट्रीय लोक दल और भाजपा के हाथ मिलाने की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, दोनों दलों के बीच बात बन गई है। किसी भी क्षण गठबंधन का ऐलान किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न
जाट वोटों पर नजर
राष्ट्रीय लोक दल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में "जाटों की पार्टी" के नाम से जाना जाता है। लोकसभा चुनाव से पहले चौधरी परिवार को अपने पाले में लाकर भाजपा जाट वोटों को हासिल करना चाहती हैं।
Published : 9 February 2024, 3:05 PM IST
Topics : Bharat Ratna Chaudhary Charan Singh Jayant Chaudhary PM Modi RLD चौधरी चरण सिंह जयंत चौधरी भाजपा भारत रत्न रालोद