Rajasthan: गंगापुर सिटी में महिला बोरवेल में गिरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

राजस्थान के गंगापुर सिटी जिले के बामनवास थाना क्षेत्र में बुधवार को 25 साल की एक महिला खेत में बने कच्चे बोरवेल में गिर गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 7 February 2024, 6:45 PM IST
google-preferred

जयपुर: राजस्थान के गंगापुर सिटी जिले के बामनवास थाना क्षेत्र में बुधवार को 25 साल की एक महिला खेत में बने कच्चे बोरवेल में गिर गई।

बामनवास उपखंड अधिकारी अंशुल ने बताया कि बामनवास के गुडला गांव में महिला अपने घर के पीछे खेत में बने कच्चे बोरवेल में गिर गई है। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बोरवेल में मोबाइल की रोशनी करके देखने पर 95 फीट की गहराई में एक हाथ नजर आया है।

यह भी पढ़ें: गुजरात के जामनगर में बोरवेल में गिरे दो वर्ष के बच्चे को बाहर निकाला गया

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार उन्होंने बताया कि महिला को बोरवेल में ऑक्सीजन पहुंचाने के प्रयास किये जा रहे है। राज्य आपदा मोचन बन (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बन (एनडीआरएफ) को सूचित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों से प्रारंभिक बातचीत में पता चला कि महिला बीती रात से घर से गायब थी। महिला स्वयं बोरवेल में जा गिरी या उसे किसी ने गिराया है इसकी जांच की जा रही है।

बामनवास के पुलिस उपाधीक्षक संतराम ने बताया कि मोना बाई (25) के बोरवेल में गिरने की सूचना बुधवार को अपराह्न पुलिस को मिली। उन्होंने बताया कि परिजन जब महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने जा रहे थे तो उन्होंने उसकी चप्पल बोरवेल के बाहर देखने पर पुलिस को सूचित किया।

यह भी पढ़ें: ओडिशा में बोरवेल में फंसी नवजात को बाहर निकाला गया 

उन्होंने बताया कि महिला मंगलवार रात आठ बजे से घर से गायब थी। खेत पर हाल ही में 100 फीट गहरा बोरवेल खोदा गया था। बोरवेल में पानी नहीं है। संतराम ने बताया कि पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और महिला को सुरक्षित निकालने के प्रयास किये जा रहे हैं।

Published : 
  • 7 February 2024, 6:45 PM IST

Advertisement
Advertisement