
रायबरेली: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिये यूपी दौरे गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज लखनऊ से रायबरेली पहुंची। प्रियंका गांधी ने रविवार को रायबरेली के सुप्रसिद्ध हनुमान मंदिर में मत्था टेका और बजरंग बली से आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर हनुमान मंदिर के पुजारी ने प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद भी दिया। पुजारी ने कहा कि प्रियंका के परिवार ने देश के लिये कुर्बानी दी है। वह चाहते हैं कि आगामी विधान सभा चुनाव में प्रियंका की सरपरस्ती में कांग्रेस की जीत हो और उनकी पार्टी का ही नेता मुख्यमंत्री बने। पुजारी ने कहा कि वह उनकी जीत के लिये प्रार्थना करेंगे।
लखनऊ में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा गांधी आज यानि रविवार से रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची हैं।
इससे पहले प्रियंका गांधी के लखनऊ से रायबरेली आने की सूचना के बाद से ही रायबरेली में कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रियंका गांधी रायबरेली में भुइमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी मीटिंग्स करेंगी, जहां वह चुनावी मंथन करेंगी और आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अहम रणनीति तैयार करेंगी।
इससे पहले प्रियंका गांधी ने लखनऊ में कांग्रेस पार्टी कार्यालय में प्रदेश संगठन की कई बैठकों में भाग लिया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं जिले के नेताओं से चुनाव को लेकर रिपोर्ट व फीडबैक लिया गया। साथ ही आगे के लिये कई चुनावी कार्यक्रम भी तय किये गये।
कांग्रेस का कहना है कि उत्तर प्रदेश में जनता बदलाव का मन बना चुकी है। किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारी वर्ग व आमजनों की आवाज बन कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव में परिवर्तन के संकल्प के साथ मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
Published : 12 September 2021, 1:18 PM IST
Topics : Hanuman Mandir Priyanka Gandhi Raebareli UP Election उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी रायबरेली विधानसभा चुनाव हनुमान मंदिर