Priyanka Gandhi: प्रियंका गांधी ने ली लोकसभा सांसद की शपथ, कांग्रेस को मिले दो नये सदस्य

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गुरूवार को लोकसभा संसद के रूप में शपथ ली। प्रियंका गांधी वायनाड से सांसद चुनी गईं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 28 November 2024, 11:23 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गुरूवार को लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ली। हाल ही में हुए लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी वायनाड से सांसद चुनी गईं। इसके साथ ही कांग्रेस को लोकसभा में दो नये सदस्य भी मिल गये।

प्रियंका गांधी के अलावा महाराष्ट्र के नांदेड से सांसद चुने गये कांग्रेस नेता रवींद्र चव्हाण ने भी लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
प्रियंका गांधी और रवींद्र चव्हाण के चुनाव जीतने और सांसद बनने से लोकसभा में कांग्रेस को दो नये सदस्य भी मिल गये हैं। 

लोकसभा में कांग्रेस के सांसदों की संख्या भी बढ़ गई है।

प्रियंका गांधी के शपथ ग्रहण के लिये उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटा रेहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी संसद पहुंचे।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गुरूवार को लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ले ली। वायनाड से नवनिर्वाचित सांसद प्रियंका गांधी का शपथ ग्रहण कई मायनों में बेहद खास रहा। वायनाड से चुनाव जीतीं प्रियंका गांधी ने संविधान की किताब हाथ में लेकर शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान प्र‍ियंका गांधी वाडरा पारंपरिक केरल साड़ी पहने नजर आईं।

शपथ ग्रहण से पहले प्रियंका 10 जनपथ पहुंची, जहां से वे अपनी माँ और कांग्रेस संसदीय पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, भाई और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ संसद के लिये रवाना हुईं। रास्ते में प्रियंका के प्रशंसकों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाये। संसद में प्रवेश से पहले राहुल गांधी ने संसद परिसर में अपनी बहन प्रियंका गांधी की यादगार तस्वीरें खींची।

प्रियंका ने शपथ से पहले कांग्रेस सांसदों के साथ बैठक की। उन्होंने राहुल गांधी की ही तरह हाथों में संविधान की प्रति लिये लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का भी आशीर्वाद लिया।

प्रियंका गांधी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहीं लेकिन पहली बार वायनाड से चुनाव जीतकर वह लोकसभा पहुंची हैं।प्रियंका गांधी नेहरू परिवार की 16वीं सदस्य हैं, जो लोकसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं।