हिंदी
नयी दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वाराणसी और उज्जैन सहित देश के तीर्थस्थलों के विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बुधवार को बताया कि अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद पांच दिन में 13 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार राष्ट्रपति ने संसद के बजट सत्र के पहले दिन लोकसभा एवं राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने तीर्थस्थलों के विकास के लिए जो काम किए हैं उससे देश में तीर्थयात्रा आसान हुई है, वहीं दुनिया भी भारत में ‘हैरिटेज टूरिज्म’ को लेकर आकर्षित हुई है।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा में तीन नए सदस्यों ने ली शपथ, जानिए पूरा अपडेट
उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में आठ करोड़ से अधिक लोग काशी गए हैं। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ से अधिक लोगों ने उज्जैन में महाकाल के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि 19 लाख से अधिक लोगों ने केदारनाथ धाम की यात्रा की है।
राष्ट्रपति ने बताया, ‘‘अयोध्याधाम में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पांच दिन में 13 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।’’
उनकी इस बात का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित सत्ता पक्ष के विभिन्न सदस्यों ने मेजें थपथपा कर स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: जय शाह को तीसरी बार मिली ACC के अध्यक्ष की जिम्मेदारी, पढ़िए पूरी खबर
इससे पहले राष्ट्रपति ने कहा कि अयोध्या में ‘राम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा सदियों से थी, आज यह सच हो चुकी है।’’
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी को अयोध्या में राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया था। देश भर से आये सात हजार से अधिक गणमान्य लोगों ने भी इस समारोह में हिस्सा लिया था।
Published : 31 January 2024, 4:38 PM IST
Topics : Ayodhya devotees President Ram Temple दर्शन नयी दिल्ली प्राण प्रतिष्ठा राम मंदिर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू श्रद्धालु