संसद में बोले पीएम मोदी- कांग्रेस ने देश को बांटने का काम किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा में आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर देश को बांटने का आरोप लगाया।

Updated : 7 February 2018, 12:49 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा में आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर देश को बांटने का आरोप लगाया। मोदी ने संबोधन से पहले विपक्ष ने सदन में जोरदार हंगामा किया है।

पीएम मोदी ने संसद में कहा कि विपक्षी कांग्रेस ने भारत का विभाजन किया। कांग्रेस ने देश के टुकड़े कर जो जहर बोया उसके कारण आज ये हंगामा हो रहा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के बोये जहर की कीमत आज देश को चुकानी पड़ रही है। 

इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि कहा कि राष्ट्रपति किसी दल या पार्टी के नहीं होते हैं। हमारे देश में राज्यों की रचना हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी की थी, उन्होंने तीन राज्यों की रचना की थी लेकिन कोई हंगामा नहीं हुआ था। किसी भी राज्य को कोई भी समस्या नहीं हुई थी।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश की नहीं, केवल एक परिवार की पूजा की है। कांग्रेस अगर देश की चिंता करती तो देश आज प्रगति के पथ पर कई आगे पहुंच चुका होता। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार के दौरान कांग्रेस पार्टी न्यायपालिका में भी नियुक्ति करती थी। कांग्रेस का नाम लिये बिना मोदी ने कहा कि आप जिन विचारों में पले-बढ़े हो उस दौरान देश का माहौल भी वैसा ही था। पंचायत से पार्लियामेंट तक आपका ही राज था, लेकिन आपने पूरा समय एक परिवार के गीत गाने में खपा दिया। देश के इतिहास को भुलाकर एक ही परिवार को याद किया। 

पीएम मोदी ने कहा कि जब यह कहा गया कि देश को नेहरु और कांग्रेस ने लोकतंत्र दिया, तो मैं आश्चर्य में पड़ता हूं। उन्होंने कहा कि भारत में जब बुद्ध परंपरा थी तब भी देश में लोकतंत्र था। भारत आज का नहीं बहुत प्राचीन है और हमारा लोकतंत्र भी इतना ही पुराना है। सिर्फ कांग्रेस और नेहरू जी ने लोकतंत्र नहीं दिया, ऐसा कह कर कांग्रेस देश को गुमराह करती है। 

Published : 
  • 7 February 2018, 12:49 PM IST

Related News

No related posts found.