हिंदी
नई दिल्लीः नागरिकता संशोधन विधेयक (कैब) को संसद में मंजूरी मिलने पर पूर्वोत्तर के कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इन प्रदर्शनों के मद्देनजर असम के गुवाहाटी में गुरुवार रात 7 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया। जबकि असम में सेना को तैयार रहने को कहा गया है और त्रिपुरा में असम राइफल्स के जवानों को तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ेंः नागरिकता संशोधन बिल पर दिल्ली से असम तक बवाल, कांग्रेस ने देशभर में किया प्रदर्शन

नागरिकता संशोधन बिल को लेकर पूर्वोत्तर में चल रहे विरोध के बाद स्पाइसजेट, विस्तारा, इंडिगो ने असम जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट को रद्द कर दिया है। इंडिगो ने गुवाहाटी, दिब्रूगढ़, जोरहाट की फ्लाइट रद्द कर दी हैं। दिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर अभी 5 जाने वाली और 7 आने वाली उड़ान रद्द हुई हैं। शहरों में व्यापक विरोध प्रदर्शन के बीच असम के 10 जिलों में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शांति भंग करने के लिए सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए इंटरनेट सेवाओं को स्थगित रखा जायेगा। इसके अलावा मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा आज शाम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
Published : 12 December 2019, 10:14 AM IST
Topics : assam cab northeastern protest असम नागरिकता संशोधन बिल पूर्वोत्तर विरोध