हिंदी
नई दिल्ली: नीट-यूजी परीक्षा में धांधली को लेकर देशभर में छात्रों के विरोध प्रदर्शन का दौर जारी हैं। छात्र नीट परीक्षा को दाबारा कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों के साथ ही कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी देश भर में नीट परीक्षा पेपर लीक होने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस ने नीट में धांधली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अजय राय के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से कूचकर विधान भवन का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान अजय समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार अजय राय ने आरोप लगाया कि परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी हुई और अनुचित साधनों का प्रयोग किया गया। भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात व हरियाणा में नीट परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले कई आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिससे पूरी परीक्षा ही आशंका से घिर गई है। भाजपा शासित राज्यों में युवओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। आये दिन पर्चा लीक होने की घटनाएं हो रही हैं।
नीट परीक्षा में धांधली को लेकर कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एबीवीपी कार्यकर्ता ने जिलाधिकारी के कार्यालय के बाहर केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका।
Published : 21 June 2024, 2:04 PM IST
Topics : Ajay Rai detained Lucknow NEET Exam protest अजय राय धांधली नीट यूजी परीक्षा प्रदर्शन हिरासत