
मैनपुरी: समाजवादी पार्टी की नेता और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने पूर्व पीएम के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने भारत के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाई है और देश को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, डिंपल यादव ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के संबंध बेहद सौहार्दपूर्ण रहे।
सपा सांसद ने कहा, "मनमोहन सिंह ने न केवल देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत किया, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनकी नीतियों ने आर्थिक क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए।"
डॉ. सिंह को एक कुशल नेता और प्रगतिशील अर्थशास्त्री बताते हुए डिंपल यादव ने कहा कि उनकी दूरदर्शिता ने देश के युवाओं को नए अवसर दिए। डॉ. मनमोहन सिंह जैसे नेताओं की भूमिका और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
संभल में हो रही खुदाई पर दिया जवाब
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने संभल में हो रही खुदाई को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खुदाई के नाम पर युवाओं का भविष्य अंधकार में डाला जा रहा है। एक पुरानी कहावत है कि खाली पेट भजन न होय। यह लोग चाहते हैं कि युवाओं के पास रोजगार और नौकरी न रहे। जमीनी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है। युवाओं के भविष्य के साथ खुदाई हो रही है।
आरएसएस प्रमुख के बयान पर प्रतिक्रिया
आरएसएस प्रमुख द्वारा मस्जिद में मंदिर ढूंढने को गलत ठहराने पर डिंपल यादव ने कहा कि बहुत देर से जागे हैं। पहले यह लोग आग लगाते हैं और फिर दिखावटी पानी डालने का काम करते हैं। इस संगठन की मंशा शुरू से ही देश की 90% आबादी को कमजोर रखने और राजनीतिक सत्ता से दूर रखने की रही है। यह कभी नहीं चाहते कि आम जनता मजबूत हो और देश की राजनीति में हिस्सेदारी ले।
मैनपुरी में युवक की आत्महत्या पर दुख व्यक्त किया
मैनपुरी में पुलिस द्वारा परेशान किए जाने से एक युवक द्वारा आत्महत्या करने की घटना पर डिंपल यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की मनमानी से यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
Published : 27 December 2024, 6:38 PM IST
Topics : Dimple Yadav Dimple Yadav on Manmohan Singh Death Manmohan Singh Death ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashEkMulaqat ManojTibrewalAakashIASTopper ManojTibrewalAakashInterview ManojTibrewalAakashJournalist SP MP Dimple Yadav uttar pradesh