हिंदी
ठाणे: महाराष्ट्र में ठाणे पुलिस ने एक पेमेंट गेटवे सेवा प्रदाता प्रणाली में सेंध लगाकर 16,180 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी से जुड़े वित्तीय अपराध के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हालिया गिरफ्तारी के साथ इस सिलसिले में अब तक 11 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
एक पुलिस विज्ञप्ति के मुताबिक, जांच के दौरान अपराध में संलिप्तता का पता चलने के बाद नवी मुंबई के वाशी इलाके से 30 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट और मुंबई के कांदिवली से 35 वर्षीय व्यवसायी को मंगलवार रात को गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले ठाणे पुलिस ने अपराध में शामिल नौ लोगों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर काले धन को सफेद करने के लिए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कई साझेदारी कंपनियां स्थापित कीं।
पुलिस के मुताबिक धोखाधड़ी काफी समय से हो रही थी लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब अप्रैल 2023 में कंपनी के पेमेंट गेटवे सिस्टम को हैक कर 25 करोड़ रुपये हड़पने की शिकायत श्रीनगर थाने में दर्ज कराई गई। जांच के दौरान साइबर प्रकोष्ठ की टीम को 16,180 करोड़ रुपये से ज्यादा के संदिग्ध लेनदेन का पता चला।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मुंबई में नौपाड़ा पुलिस ने छह अक्टूबर को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 409 (आपराधिक विश्वासघात), 467, 468 (जालसाजी), 120 बी (आपराधिक साजिश) और 34 (समान मंशा) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया था।
Published : 29 November 2023, 11:13 AM IST
Topics : arrested Fraud Payment Gateway maharashtra police Thane ठाणे पुलिस दो और गिरफ्तार धोखाधड़ी पेमेंट गेटवे महाराष्ट्र