हिंदी
फरेंदा (महराजगंज): 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में फरेंदा थाना क्षेत्र के हरपुर बेलहिया निवासी सीआरपीएफ जवान पंकज त्रिपाठी शहीद हो गए थे। उनकी शहादत को आज 6 वर्ष पूरे हो चुके हैं।
शहीद पंकज त्रिपाठी को याद कर परिवार और गांव के लोगों का सीना तो गर्व से चौड़ा हो जाता है लेकिन उनके आंखों की नमीं शहीद पंकज त्रिपाठी के शहादत का भी अहसास कराती हैं।
बता दें कि महराजगंज जिले के लाल पंकज त्रिपाठी के शहीद होने की सूचना जैसे ही जिले में पहुंची चारों तरफ शोक की लहर दौड़ पड़ी थी। पंकज त्रिपाठी का पार्थिव शरीर सेना की गाड़ी से उनके पैतृक गांव हरपुर बेलहिया लाया गया। जहां तिरंगे में लिपटे शहीद को देखने और उनको अंतिम विदाई देने के लिए लाखों लोग जुटे थे।

शहीद पंकज त्रिपाठी के नाम से होती है गाँव की पहचान
फरेंदा क्षेत्र का हरपुर बेलहिया गाँव अब शहीद पंकज त्रिपाठी के नाम से जाना जाता है। बता दें कि गाँव के प्राथमिक विद्यालय को शहीद पंकज त्रिपाठी का नाम दिया गया है। उनके नाम से हरपुर गाँव में शहीद स्थल का निर्माण कराया गया है जिसमें अमर शहीद पंकज त्रिपाठी की मूर्ति भी स्थापित है।
शहीद पंकज त्रिपाठी के घर की तरफ जाने वाला रास्ता अब शहीद मार्ग के नाम से जाना जाता है।
परिवार के लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
हरपुर बेलहिया गांव में शहीद पंकज त्रिपाठी के गांव पर आयोजित शहीद मेले में उनके पिता ओम प्रकाश त्रिपाठी,पत्नी रोहणी,भाई शुभम त्रिपाठी, पुत्र प्रतीक और बेटी वान्या ने शहीद के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी की आंखें नम हो गई।
इस दौरान उप जिलाधिकारी फरेंदा मुकेश सिंह, थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक शिवेंद्र सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, अविनाश प्रताप सिंह, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ,मनोज मिश्र, शैलेश पाण्डेय, अशोक तिवारी, हीरा गुप्ता, राम नारायण चौरसिया, नरेंद्र खरवार, राघवेंद्र मिश्र, एसएसबी जवान रोहित चौबे ने भी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
Published : 14 February 2025, 3:42 PM IST
Topics : Farenda Maharajganj Martyr Pankaj Tripathi Pulwama attack Pulwama Attack 2019 महराजगंज शहीद पंकज त्रिपाठी