Maharajganj: मनरेगा कार्यों में शिकायत के बाद औचक निरीक्षण पर निकले डीएम, खामियों पर अफसरों को लगाई फटकार

यूपी के महराजगंज में मनरेगा के कार्यों में मिल रही शिकायत के बाद आज डीएम खुद निरीक्षण करने पहुंचे हैं। जहां कुछ खामियां देखने के बाद कार्यों को लेकर सख्त हिदायत दी है। पढ़ें पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 14 September 2021, 5:52 PM IST

महराजगंजः जिले में मनरेगा के कार्यों में खामियों की शिकायतों को देखते हुए आज खुद डीएम डॉ. उज्जवल कुमार ने मनरेगा के कामों का निरीक्षण किया है। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार मनरेगा विभाग द्वारा हो रहे कार्यों का आज औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिसमें सबकी पोल खुल गई। आज अहमदपुर-हड़हवा और बागापार ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत हो रहे विभिन्न कार्यों के साथ वृहद गौ संरक्षण केंद्र, अहमदपुर-हड़हवा का स्थलीय निरीक्षण किया।

अहमदपुर-हड़हवा का स्थलीय निरीक्षण करते डीएम

सबसे पहले जिलाधिकारी ने वृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और केंद्र में रखे गए पशुओं को देखा और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में रखे गए पशुओं के चारा, भूसा, इलाज और अन्य सुविधाओं के बारे भी जानकारी प्राप्त की। केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित करते हुए, जिलाधिकारी ने कहा कि पशुओं के इलाज और चारे समेत सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने केंद्र के अंतर्गत संचालित वर्मीकम्पोस्ट पिक का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अहमदपुर-हड़हवा में ही किसानों की फ़सलों की सुरक्षा हेतु मनरेगा के तहत निर्मित सुरक्षा खाई का निरीक्षण किया। खाई के निरीक्षण  के दौरान जिलाधिकारी ने सख़्त नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे और गहरा और चौड़ा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि खाई की गहराई और चौड़ाई इतनी रखी जाए जिसे पशु पार न कर सकें, ताकि किसानों की फसल को सुरक्षित रखा जा सके।

अहमदपुर-हड़हवा में निर्मित पशु सुरक्षा खाई का निरीक्षण करते डीएम

बागापार गांव में मनरेगा के अंतर्गत ही निर्माणाधीन खेल के मैदान का निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने खेल के मैदान के समुचित समतलीकरण के साथ-साथ मैदान में ओपन जिम बनाने का निर्देश भी दिया, ताकि बच्चों को खेलने के साथ-साथ शारीरिक प्रशिक्षण की भी सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान डी.सी. मनरेगा अनिल चौधरी,संबंधित गांवों के प्रधान व अन्य लोग उपस्थित रहे।

Published : 
  • 14 September 2021, 5:52 PM IST