हिंदी
महराजगंज: बाइक चोरों के आतंक से जनता की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। कोल्हुई थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। लेकिन शिकायतों के बाद भी पुलिस पर लापरवाही का आरोप है। पीड़ित जनता ने डाइनामाइट न्यूज से अपना दर्द साझा किया और पुलिस को लेकर बड़े सवाल उठाये।
कोल्हुई थाना क्षेत्र में बाइक चोरों के आतंक से जनता परेशान है। वहीं पुलिस जहां एक तरफ हाथ पर हाथ धरे बैठी है वही दूसरी तरफ गायब हुई बाइकों को लेकर एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रही है। गाड़ी मालिक थाने के चक्कर लगा रहे है।
कोल्हुई कस्बे में इंजन की दुकान करने वाले मो. इसरार ने डाइनामाइट न्यूज को बताया कि वह रोज की तरह अपनी बाइक यूपी 56 एम 8390 दुकान पर खड़ी कर शुक्रवार साप्ताहिक बाजार के दिन नमाज पढ़ने चले गए, वापस आकर देखा तो मौके से उनकी बाइक गायब थी। जिसके बाद उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन किए किन्तु उनकी बाइक नहीं मिली। थक-हारकर उन्होंने कोल्हुई थाने में तहरीर दी। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़ित थाने का चक्कर लगा रहा है।
कोल्हुई थाना क्षेत्र में विगत कई महीनों से बाइक चोरी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस ने अभी तक एक भी बाइक चोरी का खुलासा करने में नाकाम रही है। इधर फिर सोमवार 17 फरवरी को लोटन तिराहे पर काम करने विशुनपुर फुलवरिया निवासी असफाक की बाइक यूपी 56 एए 9883 उनके दुकान के सामने से चोर उठा ले गए। बाइक ले जाते वक़्त लोगों ने चोर को देखा और फिर उसे दौड़ाया भी लेकिन जाम का लाभ उठाते हुए चोर बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है।
कोल्हुई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दर्जनों बाइक चोरों ने साबित कर दिया है कि पुलिस प्रशासन उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। आज तक एक भी बाइक चोरी का खुलासा कोल्हुई पुलिस नहीं कर पाई है। क्षेत्र में बाइक चोरों के आतंक से जनता सहमी हुई है।
Published : 17 February 2021, 7:22 PM IST
Topics : Maharajganj police कोल्हुई थाना बाइक चोरी महराजगंज