मध्य प्रदेश: लड़कियों से छेड़छाड़ के शक में शिवपुरी जिले में दो दलित युवकों की पिटाई, छह गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के वरखड़ी गांव में दो दलित युवकों को अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों ने कथित तौर पर इस संदेह में पीट दिया कि उन्होंने कुछ लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की और उनका वीडियो बनाया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार (फाइल)
गिरफ्तार (फाइल)


शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के वरखड़ी गांव में दो दलित युवकों को अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों ने कथित तौर पर इस संदेह में पीट दिया कि उन्होंने कुछ लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की और

उनका वीडियो बनाया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने 30 जून को हुई इस घटना के सिलसिले में दो महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उनमें से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में मध्यप्रदेश में एक व्यक्ति द्वारा आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना सामने आयी है ।

मगरोनी पुलिस चौकी प्रभारी दीपक शर्मा ने कहा, 'अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के एक समूह ने शुक्रवार को वरखड़ी गांव में दो लोगों की पिटाई की, उनके चेहरे काले कर दिए, उन्हें जूतों की माला पहनाई और उनका जुलूस निकाला।'

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान दोनों लोगों पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप गलत साबित हुए। शर्मा ने दावा किया कि दोनों ने गांव की कुछ लड़कियों से केवल फोन पर बात की थी और उनसे मुलाकात नहीं की थी।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

शर्मा ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अजमत खान, आरिफ खान, शाहिद खान, इस्लाम खान, रईसा बानो और साइना बानो के रूप में की गई है। एक और व्यक्ति की तलाश जारी है।

उन्होंने कहा, 'आरोपियों ने दावा किया कि दलित समुदाय के दो लोग गांव में कुछ लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे, और उन्होंने चुपचाप उनका वीडियो बना लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों लोगों की कथित हरकत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।'

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने घटना की निंदा की है और आश्चर्य जताया है कि कांग्रेस अपनी 'तुष्टीकरण नीति' के कारण इस मुद्दे पर 'चुप्पी' साधे हुए है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में शामिल अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ सदस्यों ने जाटव और केवट समुदाय के लोगों के मुंह में मल भर दिया। हालांकि, पुलिस ने मल संबंधी आरोप की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया।

शर्मा ने भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया, 'मुसलमानों के एक समूह ने झूठे आरोपों पर दो दलित युवकों की पिटाई की। उन्होंने दोनों को जूतों की माला पहनाई, जुलूस में घुमाया और उनके मुंह में मल भर दिया। यह बिल्कुल अमानवीय है।'

घटना की निंदा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी 'तुष्टीकरण नीति' के कारण इस मुद्दे पर चुप है ।

उन्होंने कहा, ''प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ या राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे पर कुछ भी ट्वीट नहीं किया है।''

 










संबंधित समाचार