मकान हड़पने के लिए युवती के साथ कर डाली हैवानियत, बंधक बनाकर दरिंदगी

मकान हड़पने के लिए एक सिरफिरे ने लड़की को बंधक बनाया और बेहरमी से पीटा। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 19 April 2024, 4:53 PM IST
google-preferred

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के गुना में सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सिरफिरे ने मकान हड़पने के लिए लड़की को बंधक बनाया, बेहरमी से पीटा, फिर आंखों में लाल मिर्च झोंक दी, मुंह में मिर्च भरकर होंठ फेवीक्विक (feviquick) से चिपका दिए।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक  मध्य प्रदेश के गुना में अयान पठान नाम के युवक ने एक लड़की के साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं हैं। आरोपी ने युवती को बंधक बनाकर उसके बेदम होने तक उसे बेरहमी से पीटा। 

इसके बाद उसने लड़की की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। फिर मुंह में लाल मिर्च पाउडर भरकर होंठ फेवीक्विक से चिपका दिए। 

इस पूरी घटना की आपबीती पीड़िता ने पुलिस को बताई है। दरिंदगी की शिकार हुई लड़की अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़िता की आपबीती

इस घटना के बाद से पीड़िता बेहद डरी सहमी हुई है। लड़की के पिता का देहांत हो चुका है। उसके पास मां के नाम एक पैतृक मकान है। आरोपी उसी मकान को हड़पने की फिराक में था।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक उसको पहले भी परेशान करता आया है, लेकिन इस बार उसने मेरे साथ बहुत बुरा किया है।

पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि आरोपी अयान उसके घर के पास ही रहता है। उसकी नजर मेरे पैतृक मकान पर है।

वह चाहता था कि मैं मकान की रजिस्ट्री उसके नाम पर करवा दूं। जब इस बात का विरोध किया तो उसने मेरे साथ ऐसी दरिंदगी की. आंखों में मिर्ची उड़ेल दी। 

मामला सामने आया तो आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया। शिकायत पुलिस तक पहुंची तो आनन-फानन में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी अयान पठान को गिरफ्तार कर लिया। 

पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पूरे चेहरे पर सूजन है. शरीर में कई गंभीर चोटें हैं. डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता और आरोपी दोनों बीते दो साल से रिलेशनशिप में थे। रिलेशनशिप को लेकर भी दोनों के बीच पहले भी कई बार अनबन हुई 

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उसके घर पर तलाशी की तो इस दौरान उसके घर से अवैध शराब भी बरामद हुई। 

घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पूरे चेहरे पर सूजन है और उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। वहीं आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।