Madhya Pradesh: देश में एक बाघ और घटा, करंट लगने से बाघ की मौत

जिले में करंट की चपेट में आने से एक बाघ की मौत हो गई। यह जानकारी एक वन अधिकारी ने बुधवार को दी है। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 12 January 2023, 3:45 PM IST
google-preferred

सिवनी: जिले में करंट की चपेट में आने से एक बाघ की मौत हो गई। यह जानकारी एक वन अधिकारी ने बुधवार को दी है।

उन्होंने कहा कि यह घटना सिवनी जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बकरमपाठ गांव में हुई।

रूखड वन परिक्षेत्र के रेंजर दानिस उइके ने ‘भाषा’ को बताया कि दक्षिण सामान्य वनमंडल के रूखड वन परिक्षेत्र अंतर्गत दरासी बीट में चौपर नाला से लगे जंगल व खेत की सीमा पर बुधवार सुबह गश्ती के दौरान वन विभाग के दल को बाघ का शव दिखा।

उन्होंने कहा, ‘‘घटनास्थल पर 11 केवी बिजली लाइन से करंट फैलाने के साक्ष्य पाए गए हैं। खेत से लगी जंगल की सीमा तक खूटी लगाकर वन्यप्राणी का शिकार करने करंट फैलाया गया था। मौके से वन विभाग के दल ने खूटियां भी जब्त की है।’’

उइके ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के दो किलोमीटर के दायरे में डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाघ के शव में सभी अंग पूरी तरह सुरक्षित मिले हैं। मृत बाघ करीब 8 साल का वयस्क नर है, जिसका क्षेत्र में घूमना-फिरना था।

उइके ने बताया कि करंट से बाघ के शिकार मामले में वन विभाग ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वह संदिग्ध से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रहे हैं।

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की वेबसाइट के अनुसार, मध्यप्रदेश में इस महीने 10 दिनों में तीन बाघों की मौत हो चुकी है।

Published : 
  • 12 January 2023, 3:45 PM IST

Advertisement
Advertisement