लखनऊ: आंगनबाड़ी सहायिकाओं पर पुलिस लाठीचार्ज, पथराव में कई घायल

डीएन संवाददाता

हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी सहायिकाओं को आज पुलिस की बर्बरता का शिकार होना पड़ा। पुलिस ने महिलाओं पर लाठीचार्ज किया। पथराव की भी खबरें है, जिसमें कई महिलायें घायल हो गयी। घटना के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण है। प्रदर्शनकारियों में काफी आक्रोश हैं। डाइनामाइट न्यूज से बातचीत में उनका कहना है कि हमारी कई साथी महिलाएं बेहोश हैं और कई लापता हो गयी है।



लखनऊ: राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर धरना-प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और पुलिस के बीच आज झड़प हो गयी। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं पर जमकर लाठीचार्ज किया। इस दौरान पथराव की भी खबरें हैं, जिसमें कई प्रदर्शनकारी महिलाएं घायल हो गयी। पुलिस प्रशासन के कई बार समझाने-बुझाने के बावजूद भी आंगनबाड़ी सहायिकाएं अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हुई, तब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बल पूर्वक हटाने की कोशिश की।

कई साथी महिलाएं बेहोश और कई लापता

पुलिस लाठीचार्ज के बाद डाइनामाइट न्यूज के साथ बातचीत में आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने कहा कि हमारी कई साथी महिलाएं बेहोश हैं और कई लापता हो गयी है, जिसके लिये लखनऊ पुलिस जिम्मेदार है। आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने कहा कि पुलिस चाहे जो करे, हम तब तक वापस नहीं जायेंगे जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं हो जाती। 
पुलिस लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं में काफी गुस्सा और आक्रोश हैं, उनका कहना है कि पुलिस चाहे जेल में डाले या लाठी मारे, हम हरगिज वापस नहीं जायेंगे। 

लाठीचार्ज के बाद तनावपूर्ण माहौल

आंगनबाड़ी सहायिकाओं पर पुलिस लाठीचार्ज के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस तैनात है। महिलाओं का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाएं अपनी मांगे पूरी न होने तक डटे रहने की बात कर रही है।

जीपीओ पार्क में भेजी गयी प्रदर्शनकारी महिलायें

पुलिस ने बल प्रयोग कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को हजरतगंज चौराहे से धकेलकर जीपीओ पार्क में भेज दिया। पुलिस की बर्बरता से कई आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां गंभीर रुप से घायल भी हो गई, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पर पथराव

पुलिस के बल प्रयोग के खिलाफ कुछ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पुलिस के ऊपर भी खाली बोतलें फैंकी और पथराव भी किया। जिससे मामूली तौर पर कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

पुलिस की कार्रवाई अमानवीय

संगीता नाम की एक आंगनवाड़ी सहायिका ने पुलिस की इस कार्रवाई को अमानवीय बताया। साथ ही कहा कि पुलिस ने मार्ग खाली करने पर उनकी प्रदेश अध्यक्ष गीतांजली मौर्य को रिहा करने की बात कही थी। जिससे अब पुलिस-प्रशासन बचने की कोशिश कर रहा है। 

बेवजह धमकी देने का भी आरोप 

आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने कल से ही वेतन वृद्धि और नियमितीकरण की मांग को लेकर हजरतगंज चौराहे पर डेरा जमा रखा है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां लगातार पुलिस-प्रशासन पर बेवजह दबाव बनाने और धमकी देने का भी आरोप लगा रही हैं।

भूख-प्यास से बेहाल

आज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के विरोध-प्रदर्शन के बीच एक महिला प्रदर्शनकारी भूख-प्यास से बेहाल होकर बेहोश हो गई। जिससे एकाएक हड़कंप मच गया। हालांकि थोड़ी देर में पानी पिलाने पर उसे होश आ गया।










संबंधित समाचार