Love Jihad Law in UP: पढिये, लव जिहाद पर योगी सरकार के कानून को लेकर यूपी से पूर्व सीएम अखिलेश यादव का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा राज्य में कथित लव जिहाद के खिलाफ बनाये गये कानून को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अधिलेश यादव का महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में पढिये लव जिहाद कानून पर क्या बोले अखिलेश

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 28 November 2020, 6:33 PM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कैबिनेट द्वारा राज्य में कथित लव जिहाद के खिलाफ पास किये गये अध्यादेश को आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ने मंजूरी दे दी है। योगी  सरकार के इस कानून को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आज ही एक महत्वपूर्ण बयान भी सामने आया है। अखिलेश यादव ने इसे एक साजिश बताते हुए इस कानून का समर्थन न करने की बात कही है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ में आज पार्टी मुख्यालय में कहा कि यूपी की मौजूदा सरकार द्वारा लव जिहाद के खिलाफ कानून के नाम पर लोगों को प्रताड़ित करने की बड़ी साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह और उनकी पार्टी के नेता समेत सभी कार्यकर्ता इस लव जिहाद कानून का विरोध करेंगे। 

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि हम विधानसभा तथा विधान परिषद में ऐसे कानून का पूरजोर विरोध करेंगे औऱ इसे पारित नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश 2020 जन मानस के खिलाफ है। 

गौरतलब है यूपी की योगी सरकार के अब 6 महीने के अंदर इस अध्यादेश को राज्य सरकार से विधानसभा से पास कराना पड़ेगा, जबकि समाजवादी पार्टी ने विधान सभा में इसका विरोध करने का आज ऐलान कर दिया है। 
 

Published :  28 November 2020, 6:33 PM IST