कर्नाटक सरकार मंदिर आंदोलन के दौरान दर्ज झूठे मामलों को खोलने की साजिश रच रही: विहिप

डीएन ब्यूरो

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार राम मंदिर आंदोलन के दौरान दर्ज झूठे मामलों को फिर से खोलने की साजिश रच रही है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

कर्नाटक सरकार मंदिर आंदोलन
कर्नाटक सरकार मंदिर आंदोलन


बेंगलुरु: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार राम मंदिर आंदोलन के दौरान दर्ज झूठे मामलों को फिर से खोलने की साजिश रच रही है।

 डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक विहिप ने एक हिंदू कार्यकर्ता श्रीकांत पुजारी की पिछले हफ्ते हुई गिरफ्तारी के मद्देनजर यह आरोप लगाया। पुजारी 1992 में राम मंदिर आंदोलन के दौरान उत्तरी कर्नाटक के हुबली में हुए एक दंगे के मामले में कथित तौर पर शामिल था।

गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्षी भाजपा ने बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया।

विहिप के केंद्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा, ‘‘ऐसे मामले जो 30-35 साल पुराने हैं, जिनमें कई आरोपियों की मौत हो चुकी है और बचे हुए आरोपियों में से ज्यादातर 70 से 80 साल के बीच के हैं, लेकिन अब उन्हें फंसाया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मामले फर्जी थे और कुछ सरकारों ने बाद में उन्हें रद्द कर दिया। आज इन मामलों को चलाकर शेष 'कार्यकर्ताओं' को फिर से गिरफ्तार किया जा रहा है। इन सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर कांग्रेस सरकार क्या साबित करना चाहती है? ’’

जैन ने दावा किया कि उस समय 10,000 से अधिक झूठे मामले दर्ज किये गये थे।

उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार उन सभी मामलों को फिर से खोल कर कर्नाटक के हिंदू समाज में आतंक का माहौल पैदा करना चाहती है?

 










संबंधित समाचार