
मोकामा (बिहार): जिस तरह से बिहार के मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह और गैंगेस्टर सोनू-मोनू गैंग के बीच हुई आपराधिक वारदात में एके-47 के इस्तेमाल की खबर आ रही है, उसे सुन हर कोई हैरान है। इलाके में राजनीतिक बर्चस्व को बनाये रखने को लेकर बुधवार को बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह और कुख्यात गैंगेस्टर भाईयों सोनू-मोनू गैंग के बीच 100 राउंड से अधिक गोलियां चली हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस गैंगवार में एके-47 का भी इस्तेमाल हुआ है। हालांकि पुलिस इससे साफ इंकार कर रही है कि एके-47 का इस्तेमाल हुआ है। सवाल यह है कि तमाम चौकस निगाहों के बावजूद क्या बिहार में खुलेआम अपराधी एके-47 लेकर घूम रहे हैं।
अंदर की खबर के मुताबिक बुधवार को मोकामा के पंचमहला थाने के नौरंगा गांव में अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। वजह थी गैंगेस्टर सोनू-मोनू गैंग ने चार दिन पहले गांव के मुकेश के घर पर ताला लगा दिया था। इसके पीछे 65 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद था। मुकेश लखीसराय जिले के खुटहां गांव में एक चिमनी में मुंशीगिरी का काम करता था। उसमें सोनू-मोनू पार्टनर थे। मुकेश ने इसकी सूचना अनंत सिंह को दी। जिस पर वे गांव पहुंचे। इसी बीच दोनों गुटों के बीच जोरदार फायरिंग हुई।
कहा जा रहा है कि सोनू-मोनू गैंग ने एके-47 से फायरिंग झोंकी तो वहीं पर अनंत सिंह के गुर्गों ने देशी पिस्टल और कट्टे से फायरिंग की।
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन एफआईआर दर्ज की है।
Published : 23 January 2025, 11:14 AM IST
Topics : anant singh Attack Big News Bihar News Dynamite News fir firing Latest News Sonu Monu Gang Top News