
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका अफगानिस्तान में तालिबान के साथ जल्द ही एक शांति समझौता करेगा।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में लगाई इमरजेंसी, मेक्सिको सीमा पर...
डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका जल्द ही अफगानिस्तान में सक्रिय तालिबान के साथ शांति समझौता करेगा। उन्होंने कहा,“हम तालिबान के साथ बातचीत कर रहे हैं। हम कुछ समय के लिए उनके साथ बातचीत करेंगे। एक समझौता करने का मौका है, देखते हैं क्या होता है।”
शुक्रवार को अमेरिका और तालिबान ने शांति समझौते के पहले कदम के रूप में एक सप्ताह तक हिंसा में कमी लाने को लेकर सहमति हुई।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह अफगानिस्तान में संघर्ष को समाप्त कर सकते हैं, लेकिन ऐसा करने के लिए वह लाखों लोगों को मारना नहीं चाहते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वह परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की बात नहीं कर रहे हैं।
गौरतलब है कि अफ़गानिस्तान लंबे समय से असुरक्षा और संघर्ष से जूझ रहा है क्योंकि आतंकवादी संगठन तालिबान सरकार एवं उसके सुरक्षा बलों पर हमले करता रहता है। अफगानिस्तान में शांति कायम करने को लेकर अमेरिका एवं तालिबानी प्रतिनिधियों के बीच वार्ता चल रही है जो निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है।
तालिबान के अलावा आतंकवादी संगठन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी समूह भी अफगानिस्तान के विभिन्न इलाकों में सक्रिय हैं। (वार्ता)
Published : 19 February 2020, 12:05 PM IST
Topics : Donald Trump International Taliban US President अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका डोनाल्ड ट्रंप तालिबान