
गोरखपुर: मंगलवार सुबह 9 बजे गोरखपुर-खजनी मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें एमजी हेक्टर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना का कारण और प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर ट्रक की टक्कर के बाद एक विशाल पेड़ की मोटी टहनी जड़ से टूटकर सबसे पहले ट्रक पर गिरी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, उसी समय एमजी हेक्टर कार ट्रेलर को ओवरटेक कर रही थी और अचानक गिरी टहनी की चपेट में आ गई। कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई, लेकिन उसमें बैठे यात्री सुरक्षित बच गए।
दहशत में आ गए राहगीर हादसे के बाद घटनास्थल का नजारा दिल दहला देने वाला था। राहगीरों ने बताया कि मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप गई। सूचना मिलते ही खजनी थानाध्यक्ष अर्चना सिंह के नेतृत्व में एसएसआई बलराम पांडेय समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। वन विभाग के रेंजर संतोष पांडेय भी अपनी कटिंग टीम के साथ पहुंचे और सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
कार सवार गोरखपुर से आ रहे थे। एमजी हेक्टर कार (संख्या 23 बीएच 6015जी) में सवार खुटहना निवासी आरपी सिंह ने बताया कि वह गोरखपुर से आ रहे थे और मंझरिया मोड़ से आगे पहुंचे ही थे कि ट्रेलर की टक्कर से अचानक पेड़ की टहनी उनके ऊपर गिर गई। उन्होंने कहा, "हमारी जान तो बच गई, लेकिन कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।"
प्रशासन पर उठे सवाल हादसे के बाद सवाल उठ रहा है कि प्रशासन सड़क किनारे खड़े कमजोर और सड़े गले पेड़ों की कटाई और रखरखाव पर कितना ध्यान दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सूखे और खोखले पेड़ों को काट दिया जाता तो इस तरह के हादसे नहीं होते। प्रशासन को जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Published : 1 April 2025, 12:23 PM IST
Topics : crime news Dynamite News Gorakhpur News Gorakhpur Road Accident Khajni road accident Khuthana resident R P Singh Road Accident