
चन्दौली: जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। गहिला बाबा जंगल के पिकनिक स्पॉट घूमने आयी नाबालिग छात्रा के साथ तीन दरिंदों ने सामूहिक बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस तीसरे बदमाश की तलाश में दबिश दे रही है। शुक्रवार की शाम नौगढ़ थाने में तीन युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार वारदात नौगढ़ थाना क्षेत्र की है। पीड़ित छात्रा सोनभद्र जिले की निवासी बताई जा रही है।
मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थी किशोरी
जानकारी के अनुसार नाबालिग छात्रा अपने गांव के दोस्त के साथ गहिला बाबा जंगल के पिकनिक स्पॉट में घूमने आयी थी । किशोरी बाइक से गहिला बाबा मंदिर के दर्शन कर लौट रही थी। इस दौरान घात लगाए बैठे तीन दरिंदों ने छात्रा और उसके दोस्त को रास्ते में रुकवा लिया।
युवक को पेड़ से बांधकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के साथी युवक ने विरोध किया तो उसे रस्सी के सहारे पेड़ से बांध दिया। इसके बाद तीनो हैवानों ने लड़की को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घिनौनी करतूत करने के बाद तीनों आरोपी मौक से फरार हो गए। होश में आने पर पीड़िता ने साथी युवक को पेड़ से खोला।
पीड़ित नाबालिग छात्रा ने 8 अगस्त किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। किशोरी के पिता ने नौगढ़ थाने में शुक्रवार को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभिषेक, सुनील और शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
Published : 10 August 2024, 3:49 PM IST
Topics : Chandauli DynamiteNews gang rape teenage girl youth उत्तर प्रदेश किशोरी गैंगरेप चन्दौली युवक