
नई दिल्ली: सड़कों पर फैला मलबा न केवल यातायात को बाधित कर रहा है, बल्कि वायु प्रदूषण का भी प्रमुख कारण बनता जा रहा है।
डाइनामाइट न्यूज संवादाता के अनुसार, लगातार बढ़ती इस समस्या पर अब सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और हालात का जायजा लिया।
ये दिग्गज लोग भी मौजूद रहे
मंत्री के साथ पीडब्ल्यूडी, प्रशासन, पुलिस, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानीय विधायक ओपी शर्मा ने मंत्री को कड़कड़ी मोड़ से लेकर टेलको प्वाइंट तक का निरीक्षण कराया और बताया कि स्वामी दयानंद मार्ग समेत अन्य व्यस्त सड़कों पर किस तरह मलबे के ढेर से ट्रैफिक जाम और गंदगी फैल रही है।
कड़कड़ी मोड़ बना जाम का हॉटस्पॉट
निरीक्षण के दौरान कड़कड़ी मोड़ पर सड़कों के किनारे लगे मलबे के लंबे ढेर ने मंत्री का ध्यान खींचा। यह स्थान पहले से ही अत्यधिक व्यस्त है और मलबे के कारण यहां रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इसके बाद मंत्री बालको अपार्टमेंट भी पहुंचे, जहां स्थानीय निवासियों ने गंदगी और मलबे की शिकायतें रखीं।
"दर्ज हों केस, जब्त हों वाहन"
मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर मलबा फेंकने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज कराए जाएं और मलबा गिराने वाले वाहनों को जब्त किया जाए। उन्होंने कहा, “दिल्ली का सुंदरीकरण किया जा रहा है, लेकिन यह मलबा उस अभियान को खराब कर रहा है। जिम्मेदारों पर कार्रवाई जरूरी है।”
नगर निगम पर भी उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान जब कुछ लोगों ने बताया कि नगर निगम खुद पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर मलबा डालने के लिए स्थान चिन्हित कर चुका है, तो मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि “नगर निगम को पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर मलबा डालने का कोई अधिकार नहीं है।”
Published : 5 April 2025, 1:32 PM IST
Topics : delhi cm Delhi News Delhi Public Delhi Road Dynamite News MLA OP Sharma PWD Minister Delhi PWD Minister Pravesh Verma Swami Dayanand Marg Yamunapar