हिंदी
इटावा: जसवंत नगर क्षेत्र के गांव रोहतई बीबामऊ के ग्रामीणों ने गांव में स्थित देशी शराब के ठेके को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की प्रशासन से मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम कुमार सत्यम जीत व सीओ नागेंद्र चौबे को एक ज्ञापन सौंपा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ग्रामीणों का कहना है कि यह ठेका प्राथमिक विद्यालय और माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित है, जिससे बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ज्ञापन देने वाले ग्रामीणों ने बताया कि शराब की दुकान के पास से होकर बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। ठेके पर आने-जाने वाले लोगों के व्यवहार के कारण बच्चों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। विद्यालयों के निकट शराब की दुकान होने से शराबी घूमते रहते हैं। जिससे बच्चों को एक सुरक्षित और शांत वातावरण में पढ़ाई करने में दिक्कत होती है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि शराब की दुकान मुख्य मार्ग के पास होने के कारण आमजन, विशेष रूप से छात्राओं और महिलाओं को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि शराब के कारण गांव में सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि शराब के ठेके को गांव के बाहरी क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और ग्रामीणों को भी राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में सुबोध, कमल किशोर, श्रीकृष्ण, शिवराज, मालती देवी, निशा देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
Published : 5 April 2025, 7:38 PM IST
Topics : Crime in Etawah Etawah etawah news Etawah Police Jaswant Nagar area liquor shop Villagers Protest
No related posts found.