Site icon Hindi Dynamite News

फतेहपुर: भागवत कथा में सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन, रुक्मिणी विवाह पर पुष्पवर्षा

फतेहपुर के अशोक नगर स्थित धान मिल परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में बड़ी संख्या में भक्तजनों ने छठवें दिन भाग लेकर कथा का श्रवण किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
फतेहपुर: भागवत कथा में सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन, रुक्मिणी विवाह पर पुष्पवर्षा

फतेहपुर: अशोक नगर स्थित धान मिल परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में बड़ी संख्या में भक्तजनों ने छठवें दिन भाग लेकर कथा का श्रवण किया। इस मौके पर आचार्य डॉ. विद्यासागर शुक्ल ने भगवान लीलाधर अखिलेश्वर की सोलह कलाओं का वर्णन कर श्रीमद् भागवत पुराण के महत्व को रेखांकित किया।  

सुदामा चरित्र का मार्मिक वर्णन  
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक कथा के छठवें दिन आचार्य ने सुदामा चरित्र का भावपूर्ण और मार्मिक वर्णन किया, जिसने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान और सुदामा की मित्रता और त्याग की अद्भुत गाथा सुनकर पंडाल में भक्ति का भाव उमड़ पड़ा।  

रुक्मिणी विवाह पर पुष्पवर्षा  
आज की कथा में रुक्मिणी विवाह प्रसंग पर घंटों पुष्पवर्षा की गई। पूरा पंडाल फूलों से भर गया, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो गए। भक्तजनों ने इस अलौकिक दृश्य का आनंद लेते हुए भगवान की लीलाओं में अपनी श्रद्धा व्यक्त की।  

कथा में नई दिल्ली से आए देश के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट और अंसल एपीआई के सीएफओ प्रशांत कुमार ने भी हिस्सा लिया। आयोजक और परीक्षित अनामिका शुक्ला (पत्नी अमित शुक्ला), संजीव सिंह राणा, दीपक मिश्रा, शुभम शुक्ला, राहुल मिश्रा, वैभव मिश्रा, गणेश कुमार, और विकास मिश्रा ने कार्यक्रम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।  

कथा के आयोजक अमित शुक्ला ने कहा, "मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान इस कथा को सुनने वाले सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करें। यह कथा सनातन धर्म की एकता और समभाव को बढ़ाने का संदेश देती है।" उन्होंने जनपद के सभी लोगों से 22 मार्च को कथा के समापन अवसर पर उपस्थित होने का आग्रह किया।  

16 वर्षों की परंपरा का निर्वाह
अशोक नगर में यह भागवत कथा पिछले 16 वर्षों से हर वर्ष आयोजित की जा रही है। इस बार इसका आयोजन अमित शुक्ला और उनकी पत्नी अनामिका शुक्ला ने किया है। उन्होंने भागवत कथा के माध्यम से जन-जन तक धर्म और भक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

Exit mobile version