हिंदी
बलिया: पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र आजमगढ़ वैभव कृष्ण (Vaibhav Krishna) ने पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर (Vikrant Veer) के साथ शनिवार की शाम पुलिस लाइन बलिया सभागार (Poline Line Ballia) में पुलिस अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रतिदिन जनसुनवाई की समीक्षा
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी (DIG) ने जनपद में संगठित अपराध एवं माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही थानों व कार्यालयों में अपनी समस्या लेकर आए जनता के प्रति अच्छा व्यवहार करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनता के प्रार्थना पत्र का समय से निस्तारण करें। इसके अलावा उन्होंने जनपद में प्रतिदिन हो रही जनसुनवाई की भी समीक्षा की। डायल 112 पर प्राप्त सूचनाओं पर पीआरवी (PRV) की रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए समय में और सुधार करने के लिए निर्देशित किया।
हिस्ट्रीशीट खुलवाने के आदेश
उन्होंने नवरात्र, दशहरा व अन्य आगामी त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान महिला सम्बन्धित अपराध की रोकथाम व तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देश दिया। साथ ही पूर्व में हुई हत्या, डकैती, लूट, नकबजनी एवं महिला संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ गुण्डा एक्ट, गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई करने के लिए कहा। वहीं अभ्यस्त अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुलवाने एवं गैंग पंजीकृत कराने की कार्रवाई करने का कहा। उन्होंने ऐसे अपराधी जिन पर गैंगेस्टर की कार्रवाई हुई हो उन अपराधियों द्वारा अपराध में अर्जित चल-अचल सम्पत्तियों का पता लगाकर कुर्की/ जप्तीकरण की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी व दक्षिणी, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी व शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
Published : 22 September 2024, 12:27 PM IST
Topics : ballia police Dynamite News Police Line Ballia Vikrant Veer पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर पुलिस लाइन बलिया बलिया पुलिस वैभव कृष्ण