हिंदी
फतेहपुर: यूपी में दहेज प्रताड़ना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। ताजा मामला फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के तेंदुली गांव से सामने आई है। 28 वर्षीय गर्भवती महिला कौशल्या देवी का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्य काम से लौटकर कमरे में पहुंचे। उन्होंने कौशल्या को फंदे पर लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दहेज हत्या का आरोप
मृतका के पिता शिवप्रकाश, जो थाना कल्यानपुर के इटरौरा गांव के निवासी हैं, ने बेटी के पति अरविंद और सास पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उनकी बेटी को ससुराल में दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति अरविंद और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Published : 23 January 2025, 4:13 PM IST
Topics : crime news dowry case Dynamite News Fatehpur harassment Manoj Tibrewal Aakash police suicide suicide case Utttar Pradesh