
सिसवा/निचलौल (महराजगंज): सिसवा विधानसभा में खासा दबदबा रखने वाला चौहान समाज अब खुलकर पूर्व मंत्री और सपा प्रत्याशी सुशील कुमार टिबड़ेवाल के साथ आ गया है।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और जिले के चौहान समाज के सबसे बड़े नेता तथा सिसवा से गठबंधन के टिकट के दावेदार रहे प्रभुदयाल चौहान ने सिसवा, निचलौल, गड़ौरा, ठूठीबारी, इटहिया, गड़ौरा, कटहरी, बलहीखोर, झुलनीपुर, बहुआर, बढ़या आदि क्षेत्रों के करीब दो दर्जन प्रभावशाली चौहान नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में बड़ी संख्या में चौहान समाज के साथी भी मौजूद थे। सभी ने एक स्वर से निर्णय लिया कि 3 मार्च को होने जा रहे मतदान में पिछड़े वर्ग के चौहान समाज के जागरुक साथी ईमानदार औऱ संघर्षशील सपा प्रत्याशी सुशील कुमार टिबड़ेवाल जितायेंगे और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनायेंगे।
इस दौरान सिसवा विधानसभा के चुनाव संचालन के प्रभारी और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह ने कहा कि सपा सरकार बनने पर चौहान समाज के हर एक साथी का ख्याल रखा जायेगा और उनके मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।
बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं का अपने दलों को छोड़ सपा प्रत्याशी सुशील कुमार टिबड़ेवाल के समर्थन में आने का सिलसिला जारी है। जिससे सपा प्रत्याशी का सियासी पलड़ा लगातार भारी होता जा रहा है। सिसवा के कांग्रेस प्रत्याशी रहे विनोद यादव से लेकर भाजपा प्रत्याशी प्रेमसागर पटेल के सगे भांजे मनीष पटेल तक सपा में शामिल हो चुके हैं। इससे भाजपा के खेमे में सन्नाटा है और सपाईयों का मनोबल चरम पर है।
Published : 18 February 2022, 8:48 AM IST
Topics : Akhilesh Yadav election Maharajganj Siswa Sushil Tibrewal महराजगंज सपा सिसवा सुशील टिबड़ेवाल