

तीन बार के बीजेपी विधायक ब्रह्म सिंह तंवर गुरुवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है। वहीं, इससे पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। तीन बार के बीजेपी विधायक ब्रह्म सिंह तंवर गुरुवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। तंवर को 'आप' के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
तीन बार रह चुके हैं विधायक
ब्रह्म सिंह तंवर 1993 और 1998 में महरौली से और 2013 में छत्तरपुर से विधायक रहे हैं। इससे पहले वो तीन बार निगम पार्षद भी रह चुके हैं। उनकी पहचान बड़े गुर्जर नेता के रूप में है।
'आप' की सरकार को सहयोग देंगे
ब्रह्म सिंह तंवर ने 'आप' में शामिल होने के बाद कहा, "आज पूरा मन बनाकर बीजेपी के साथ संबंध तोड़कर आप के साथ काम करने का मन बना चुका हूं। अरविंद केजरीवाल के उत्साह और विकास को देखकर इनके साथ जुड़ा हूं। अरविंद केजरीवाल जी धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने अपने साथ जोड़ा।"
छतरपुर विधानसभा से मिल सकता है टिकट
इस साल जुलाई महीने में छतरपुर से करतार सिंह तंवर आम आदमी पार्टी को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। ऐसे में माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी ब्रह्म सिंह तंवर को छतरपुर विधानसभा से टिकट दे सकती है।
'पार्टी को मिलेगी मजबूती'
अरविंद केजरीवाल ने ब्रह्म सिंह तंवर के पार्टी में शामिल होने पर कहा "आज आप के लिए बेहद खुशी का दिन है। ब्रह्म सिंह जी बड़े चेहरे हैं। 50 साल से ये जनता की सेवा कर रहे हैं। तीन बार विधायक रहे हैं। बीजेपी छोड़कर आप में शामिल हुए हैं। आम आदमी पार्टी के काम को देखकर पूरे देश में लोग हमसे जुड़ रहे हैं। ब्रह्म सिंह तंवर के आने से पार्टी को भी मजबूती मिलेगी।"
अगर आप युवा है और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आप हमारी 'युवा डाइनामाइट' को विजिट कर सकते हैं।
https://www.yuvadynamite.com/