मुंबई में नाराज प्रेमी ने महिला का गला रेता, हालत गंभीर

महाराष्ट्र के मुंबई में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय एक महिला का ब्लेड से गला कथित तौर पर काट दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने व्यक्ति के विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था तथा उसका अपमान किया था। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 29 November 2023, 3:37 PM IST
google-preferred

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय एक महिला का ब्लेड से गला कथित तौर पर काट दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने व्यक्ति के विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था तथा उसका अपमान किया था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार अधिकारी ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा उसकी हालत गंभीर है।

उन्होंने बताया कि 44 वर्षीय आरोपी पेशे से चालक है तथा वह कालाचौकी इलाके के परशुराम नगर में रहता है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला अपने दो भाइयों के साथ इसी मोहल्ले में रहती है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के एक साल से महिला के साथ प्रेम-संबंध थे। वह महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला उसके प्रस्ताव को ठुकरा रही थी।

पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात दोनों के बीच कुछ बहस हुई और महिला ने कुछ लोगों के सामने उसका अपमान किया। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर में आरोपी महिला के घर में घुस गया और ब्लेड से उसका गला कथित तौर पर काट दिया।

उन्होंने बताया कि महिला की चीख-पुकार सुनकर कुछ पड़ोसी उसके घर पहुंचे लेकिन आरोपी भाग निकला। अधिकारी ने बताया कि महिला को केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, वह अभी तक बेहोश है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई और मंगलवार रात उसे परशुराम नगर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

Published : 
  • 29 November 2023, 3:37 PM IST

Related News

No related posts found.