
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां गुस्साई पत्नी ने पति की घर में रखी कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी। पति की मौत के बाद आरोपी पत्नी ने भी खुद विषाक्त पी लिया। गंभीर हालत में पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक राम पदारथ वर्मा रिटायर्ड अध्यापक थे।
पुलिस ने घटना स्थल की पड़ताल कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। मृतक के पुत्र दिलीप ने आरोपी मां शांति देवी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
हत्या की यह वारदात इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुर सदर अली गांव का है। शुक्रवार देर रात पेंशन की रकम के बंटवारे को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। रिटायर्ड कर्मचारी की पत्नी शांति देवी ने झगड़े के बाद यह खौफनाक कदम उठाया।
बताया जाता है कि मृतक राम पदारथ वर्मा शिक्षा विभाग से रिटायर हुए थे। मृतक का पैतृक निवास स्थान दाऊदचक गांव में था, जो अपनी ससुराल मीरानपुर सदर अली में करीब 25 वर्षों से मकान बनवा कर रह रहे थे। वे अपनी सेविंग और पेंशन अपनी बहू को दिया करते थे, जिस कारण उनकी पत्नी शांति देवी से उनका विवाद होता रहता था।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोपी शांति देवी के पुत्र ने बताया कि शुक्रवार रात उसके पिता भोजन करके सोए थे कि शांति ने पहले मुहं दबाकर उसमें कपड़ा ठूस दिया और कुल्हाड़ी से पति के सर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरा बिस्तर खून से लथपथ हो गया। इसके बाद पत्नी ने कुल्हाड़ी को नाली में छिपा दिया और खुद भी विषाक्त पी लिया।
इब्राहिमपुर थाने की पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
Published : 3 September 2022, 4:44 PM IST
Topics : अंबेडकरनगर उत्तर प्रदेश कुल्हाड़ी पति पत्नी विषाक्त हत्या