अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंपी ये बड़ी जिम्मेदारी, जानिये लोकसभा चुनाव के लिए सपा का प्लान

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 8 January 2024, 5:42 PM IST
google-preferred

लखनऊ: देश के सभी राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटने लगे है। राजनीतिक तौर पर देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी सियासी गतिविधियां तेज होती जा रही है। राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी चुनावी प्लान में जुटे हुए है। अखिलेश ने सोमवार को कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा।

 डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक पार्टी प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसबा चुनाव की लड़ाई बड़ी है। इसलिए हम अपने संगठन के लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे हमारे कार्यकर्ताओं व नेताओं को जिम्मेदारी दें। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस से लेकर हर संगठन में किसी सिपाही या अन्य का एक नंबर होता है। उसकी जिम्मेदारी होती है। उसी तरह कार्यकर्ता को बूथ की जिम्मेदारी दी जायेगी। 

इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास संसाधनों की कमी नहीं है। उसने अलग-अलग कार्यों के लिए कई प्राइवेट कंपनियां और एजेंसियों को हायर कर रखा है। उनके पास बूथ मैनेजमेंट के लिए अलग कंपनी है। उससे निपटने के लिये हमारे पास हमारे मजबूत कार्यकर्ता हैं। 

अखिलेश यादव ने इस मौके पर भाजपा पर बड़ा तंज भी कसा। सपा प्रमुख ने कहा कि जब भाजपा सरकार से किसानों की आय दोगुनी करने का सवाल किया जायेगा। युवाओं को रोजगार देने के बारे में पूछा जायेगा तो भाजपा के लोग मंदिर के पीछे छुप जाएंगे। 

अखिलेश यादव ने कहा कि आपको पता होगा देश के प्रधानमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में मिसाइल बनेगी, टैंक बनेंगे। लेकिन आज क्या बना है? अब भाजपा वहां भूमि अधिग्रहण की बात कर रही है। तो तीन साल पहले क्यों भाजपा वालों ने क्यों आधी-अधूरी तैयारियों के साथ इतनी बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि समाजवादियों की सरकार में जो भी अच्छे काम हुए थे, भाजपा ने वे सब खराब कर दिए।

सपा प्रमुख ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि जब से देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है। तबसे पूरे देश में 1 लाख किसानों ने आत्महत्या की है। हमारी सीमाएं असुरक्षित हो गई है। अन्याय चरम सीमा पर है, हमें उम्मीद है देश के लोग बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए आगे आएंगे और भाजपा को हराने का काम करेंगे।

Published : 
  • 8 January 2024, 5:42 PM IST

Related News

No related posts found.