हिंदी
प्रतापगढ़: जनपद में आशिकी में खूनी खेल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में एक सिरफिरे आशिक ने पहले नवविवाहिता की गोली मारकर हत्या की और बाद में खुद को भी गोली से उड़ा दिया। युवती की हत्या और युवक द्वारा गोली मारकर आत्महत्या की घटना से यहां हड़कंप मचा हुआ है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक मृतक युवती की पहचान ज्योति वर्मा के रूप में की गई है। उसकी चार दिन पहले ही शादी हुई थी। वह अपने मायके आई हुई थी, जहां सोमवार शाम को घात लगाये बैठे उदयराज वर्मा ने ज्योति की गोली मारकर हत्या कर दी और लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर जाकर खुद को भी गोली से उड़ा दिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रेमी उदयराज वर्मा कंधई थाना क्षेत्र के पिपरी खालसा गांव का रहने वाला था। बताया जाता है कि वो ज्योति की शादी से खुश नहीं था और शादी के कारण वो ज्योति से नाराज था, जिस कारण उसने ज्योति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
एसपी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी उदयराज के शव के पास के एक 15 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। आरोपी ज्योति के ननिहाल का रहने वाला है और दोनों लंबे समय से संपर्क में थे।
उदयराज वर्मा का शव नहर के किनारे पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। वहीं पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
Published : 19 November 2024, 2:11 PM IST
Topics : Crime in Pratapgarh Dynamite News Manoj Tibrewal Manoj Tibrewal Akash murder trending news UP Police प्रतापगढ़ समाचार यूपी पुलिस