
बहराइच: संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ बहराइच में तनाव के मद्देनजर पुलिस ने 38 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।
यहां शुक्रवार को हुई हिंसा में 10 पुलिसकर्मियों सहित करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए थे।
संवेदनशील माहौल एवं सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल की आशंका के मद्देनजर शहर में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई हैं। शहर में फिलहाल शनिवार सुबह से शांति दिख रही है। अधिकांश बाजार खुल गये हैं। पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है।
पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव के बाद शहर में तनाव फैल गया था। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 144 का उल्लंघन करके प्रदर्शन, उग्र नारेबाजी एवं पथराव कर रहे हजारों प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया था और बल प्रयोग किया था।
उन्होंने कहा कि उपद्रवियों के पथराव से 10 पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं जिनका इलाज स्थानीय मेडिकल कालेज में कराया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि थाना दरगाह शरीफ में 23 नामजद एवं 1300 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन मामले तथा कोतवाली नगर में 44 नामजद एवं 700 अज्ञात लोगों के विरूद्ध तीन मामले दर्ज किए गए हैं। दरगाह शरीफ इलाके से 22 एवं कोतवाली नगर में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि ड्रोन कैमरों, वीडियोग्राफी, तस्वीरों एवं अन्य साक्ष्यों की मदद से दोषियों की पहचान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हालात सामान्य रहे तो चेतावनी के साथ शाम तक इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
ग्रोवर ने बताया कि शहर एवं जिले के अन्य इलाकों में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। एहतियात के तौर पर पुलिस, पीएसी एवं केंद्रीय बलों द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है। (भाषा)
Published : 21 December 2019, 3:17 PM IST
Topics : bahraich CAAProtests CitizenshipAmendmentAct National uttar pradesh उत्तर प्रदेश एनआरसी नागरिकता संशोधन कानून बहराइच राष्ट्रीय