सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण शुल्क चार गुना बढ़ा, कैसे चमकेंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन खिलाड़ी

वाराणसी के सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन प्रशिक्षण शुल्क 1,000 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। 400 फीसदी बढ़ोतरी से खिलाड़ी और अभिभावक नाराज हैं। उनका कहना है कि इससे गरीब और मध्यमवर्गीय खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण जारी रखना मुश्किल हो जाएगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 July 2026, 1:40 PM IST
google-preferred

Varanasi: वाराणसी के सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बड़ा झटका लगा है। इंडोर हॉल में बैडमिंटन प्रशिक्षण शुल्क को एक हजार रुपये से बढ़ाकर सीधे चार हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। करीब 400 फीसदी की इस बढ़ोतरी के बाद खिलाड़ियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि खेल को बढ़ावा देने की बात करने वाली व्यवस्था अब खिलाड़ियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।

तीन महीने बाद तय हुई नई फीस

सिगरा स्टेडियम के इंडोर हॉल में पिछले तीन महीने से प्रशिक्षण शुल्क को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब स्मार्ट सिटी की ओर से नया शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके तहत बैडमिंटन प्रशिक्षण के लिए खिलाड़ियों को हर महीने चार हजार रुपये देने होंगे। हालांकि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर 20 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान रखा गया है।

स्मार्ट सिटी के अभियंता सौमित्र ने बताया कि इंडोर हॉल में नियमित प्रशिक्षण जारी रहेगा और नई शुल्क व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

खिलाड़ियों ने जताई नाराजगी

स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ी निखिल का कहना है कि एक तरफ सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रशिक्षण लगातार महंगा होता जा रहा है। पहले खिलाड़ियों को आसानी से स्टेडियम में प्रवेश और प्रशिक्षण मिल जाता था, लेकिन अब तीन महीने से खिलाड़ी खेल विभाग, स्मार्ट सिटी और नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं।

कोई तफ्तीश नहीं, बेखौफ एंट्री; राम मंदिर में ऐसे बनती थी नोटों की गड्डियां आरोपियों की जागीर, SIT ने खोला अबतक का सबसे बड़ा राज

बैडमिंटन खिलाड़ी अर्चना ने कहा कि इतनी अधिक फीस सामान्य और गरीब परिवारों के खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाएगी। कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके पास अच्छे जूते खरीदने तक के पैसे नहीं होते, ऐसे में चार हजार रुपये मासिक शुल्क देना उनके लिए मुश्किल होगा।

स्मार्ट सिटी और खेल विभाग के बीच खींचतान

सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम के पुनर्निर्माण के बाद भी इसका पूर्ण हस्तांतरण खेल विभाग को नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, स्टेडियम के फेज-1 में इंडोर हॉल, मल्टीपरपज हॉल, स्विमिंग पूल, क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और टेनिस कोर्ट शामिल हैं। वहीं फेज-2 और फेज-3 का संचालन साई सेंटर के अधीन है।

खेल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग की ओर से बैडमिंटन प्रशिक्षण शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित किया गया था। शुल्क बढ़ाए जाने की जानकारी उन्हें भी नहीं है। इससे स्मार्ट सिटी और खेल विभाग के बीच समन्वय को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ससुराल बना हैवानियत का घर: विवाहिता ने पति, जेठ और देवर पर लगाए रूह कंपाने वाले आरोप

खिलाड़ियों की मांग- फीस पर हो पुनर्विचार

खिलाड़ियों और अभिभावकों ने मांग की है कि शुल्क वृद्धि पर दोबारा विचार किया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ी भी बिना किसी बाधा के प्रशिक्षण जारी रख सकें। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी खेल छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।

Location :  Varanasi

Published :  11 July 2026, 1:40 PM IST

Advertisement