T20 World Cup 2026: भारतीय टीम खेलने उतरी नीदरलैंड के खिलाफ, पहले करेगी बल्लेबाजी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने नीदरलैंड्स के खिलाफ अहमदाबाद में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। प्लेइंग 11 में दो बदलाव करते हुए अर्शदीप सिंह और वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया है। भारत पहले ही तीन मैच जीत चुका है, जबकि नीदरलैंड्स टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 February 2026, 6:50 PM IST

New Delhi: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक सफर में आज का मुकाबला अहम माना जा रहा है, जहां इंडियन क्रिकेट टीम का सामना नीदरलैंड्स से हो रहा है। मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। स्टेडियम खचाखच भरा है और फैंस को एक और दमदार जीत की उम्मीद है। टॉस भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता और बिना हिचक पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पिच को देखते हुए टीम मैनेजमेंट का मानना है कि बड़ा स्कोर बनाकर दबाव बनाया जा सकता है।

तीन जीत के साथ उतरी टीम इंडिया

भारत इस ICC Men's T20 World Cup 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन कर चुका है। टीम अपने तीनों मुकाबले जीतकर आत्मविश्वास से भरी हुई है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन नजर आया है। दूसरी ओर नीदरलैंड्स का सफर लगभग खत्म हो चुका है।

प्लेइंग 11 में दो बड़े बदलाव

आज के मुकाबले में भारतीय टीम ने प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। स्पिनर Kuldeep Yadav की जगह तेज गेंदबाज Arshdeep Singh को शामिल किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि टीम अतिरिक्त पेस अटैक के साथ उतर रही है। वहीं, ऑलराउंडर Axar Patel को आराम दिया गया है और उनकी जगह Washington Sundar को मौका मिला है। सुंदर का यह इस वर्ल्ड कप में डेब्यू मैच है। टीम मैनेजमेंट उनसे बल्लेबाजी और ऑफ स्पिन दोनों में योगदान की उम्मीद कर रहा है।

सेमीफाइनल से पहले लय बरकरार रखने की कोशिश

हालांकि भारत पहले ही मजबूत स्थिति में है, लेकिन टीम की कोशिश होगी कि जीत की लय कायम रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए यह मैच रणनीति को और धार देने का मौका है। दूसरी तरफ नीदरलैंड्स सम्मानजनक प्रदर्शन करना चाहेगी। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या भारत एक और जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी और मजबूत करेगा या नीदरलैंड्स कोई बड़ा उलटफेर कर पाएगी।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 18 February 2026, 6:50 PM IST