
IPL 2025 PBKS vs RCB और MI vs CSK
नई दिल्ली: IPL 2025 का सुपर संडे यानी डबल डोज़ एंटरटेनमेंट! दो बड़े मुकाबले, चार दिग्गज टीमें और एक ही मकसद - पॉइंट्स टेबल में अपनी जगह मजबूत करना। एक तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टक्कर, तो दूसरी ओर वानखेड़े में होगा मुंबई इंडियंस vs चेन्नई सुपर किंग्स। तो चलिए शुरू करते हैं आज के इस रोमांचक क्रिकेट सफर को!
सुपर सैटरडे के बाद सुपर संडे भी उतना ही धमाकेदार रहने वाला है। और इसकी शुरुआत होगी RCB और पंजाब किंग्स के बीच उसी मुकाबले से, जिसका पहला चैप्टर महज 48 घंटे पहले बेंगलुरु में खेला गया था। वहां आरसीबी को मिली थी 5 विकेट से हार। अब बारी है पलटवार की और वो भी पंजाब के होम ग्राउंड, मुल्लांपुर में।
आरसीबी की बल्लेबाज़ी पिछली बार बिखर गई थी। टिम डेविड को छोड़ दें, तो कोई भी टिक नहीं पाया। इस बार उम्मीद होगी कि विराट कोहली, फिल साल्ट और रजत पाटीदार मिलकर एक बड़ा स्कोर खड़ा करें।
वहीं पंजाब किंग्स की नज़र लगातार जीत की हैट्रिक पर होगी। प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर और स्टोइनिस जैसे बल्लेबाज़ बेहतरीन फॉर्म में हैं और टीम को बैलेंस मिल चुका है।
मुल्लांपुर की पिच रिपोर्ट पर नज़र डालें तो यहां की पिच बल्लेबाज़ों के लिए जन्नत है। गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, बड़े स्कोर बनते हैं। लेकिन ओस न के बराबर होती है, जिससे स्पिनर्स को भी मदद मिल सकती है। अब तक इस मैदान पर 8 मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम ने 5 बार बाज़ी मारी है।
अब बात करते हैं संभावित प्लेइंग इलेवन की तो RCB की टीम में फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और यश दयाल हो सकते हैं।
वहीं PBKS की संभावित प्लेइंग इलेवन में प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल हो सकते हैं।
चलिए अब बात करते हैं दूसरे मुकाबले की जो IPL इतिहास की सबसे चर्चित राइवलरी है मुंबई इंडियंस Vs चेन्नई सुपर किंग्स। 38 बार आमने-सामने आ चुकी इन दोनों टीमों के बीच MI ने 20 और CSK ने 18 मुकाबले जीते हैं। लेकिन IPL 2025 की बात करें तो दोनों ही टीमें इस बार पॉइंट्स टेबल में नीचे हैं और इस मैच की हार किसी के लिए भी प्लेऑफ के रास्ते बंद कर सकती है।
ये मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में होगा। यहां की पिच की बात करें तो, यह बल्लेबाज़ों का गढ़ है। लाल मिट्टी की यह पिच शुरुआत में पेसर्स को उछाल देती है, लेकिन फिर यह सपाट हो जाती है और रन बरसने लगते हैं। अब तक इस मैदान पर 118 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें 63 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। यानी टॉस जीतकर कोई भी टीम पहले गेंदबाज़ी करना पसंद करेगी। दूसरी पारी में ओस एक बड़ा फैक्टर बन सकती है, जिससे गेंदबाज़ों को दिक्कत हो सकती है।
MI का प्रदर्शन इस सीजन वानखेड़े पर मिला-जुला रहा है। कोलकाता और हैदराबाद को यहां हराया, लेकिन आरसीबी से मात खानी पड़ी। अब हार्दिक पंड्या की अगुवाई में टीम फिर से पुराने तेवर दिखाना चाहेगी। वहीं, धोनी की चेन्नई के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। अगर आज हारी, तो प्लेऑफ की उम्मीदें बहुत कमजोर पड़ जाएंगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन की बात करें तो MI की संभावित प्लेइंग इलेवन में हार्दिक पंड्या, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, मिचेल सेंटनर, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह हो सकते हैं।
वहीं CSK की संभावित प्लेइंग इलेवन में एमएस धोनी, शेख रशीद, रचिन रवींद्र, विजय शंकर, जेमी ओवरटन, रविंद्र जडेजा, शिवम दुबे, खलील अहमद, नूर अहमद, मथीश पथिराना, अंशुल कंबोज, दीपक हुड्डा हो सकते हैं।
तो कल सुपर संडे में क्रिकेट फैंस को मिलेगा डबल धमाका दो रिवेंज मुकाबले, दो बड़ी राइवलरीज़ और ढेर सारा एक्शन। अब ये वक्त ही बताएगा कि कौन-सी टीम जीत दर्ज करती है और किसको करना पड़ेगा हार का सामना।
और याद रखिए, 21 अप्रैल को शाम 7:30 बजे कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना होगा गुजरात टाइटंस से। इस मुकाबले की पूरी जानकारी लेकर हम कल फिर हाज़िर होंगे। तब तक के लिए बने रहिए हमारे साथ और देखते रहिए डाइनामाइट न्यूज़ - IPL का सबसे धमाकेदार अपडेट यहीं मिलेगा!
Location : New Delhi
Published : 19 April 2025, 2:19 PM IST
Topics : IPL 2025 MI vs CSK PBKS vs RCB